
दुबई/गक्बेरहा. भारत के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गक्बेरहा में दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में जड़े अर्धशतक की बदौलत आईसीसी पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाजी रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान मजबूत किया. सूर्यकुमार ने महज 36 गेंद में 56 बनाये जिससे उन्हें 10 रेटिंग अंक प्राप्त हुए. हालांकि भारतीय टीम इस रोमांचक मैच में दक्षिण अफ्रीका से पांच विकेट से हार गयी.
दायें हाथ के बल्लेबाज सूर्यकुमार के अब कुल 865 रेटिंग अंक हो गये हैं जिससे वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान (787 अंक) और दक्षिण अफ्रीका के ऐडन मार्कराम (758 अंक) से काफी आगे हैं. सूर्यकुमार ने शीर्ष रैंकिंग पिछले साल के अंत में आस्ट्रेलिया में टी20 विश्व कप के दौरान हासिल की थी और ऐसा लगता है कि वह अगले साल वेस्टइंडीज और अमेरिका में होने वाले विश्वकप तक इस स्थान पर कब्जा बनाये रखेंगे. आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप शुरू होने में अब छह महीने से भी कम समय रह गया है.
दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज रीजा हेंड्रिक्स भारत के खिलाफ 49 रन की पारी के बाद एक पायदान के फायदे से आठवें स्थान पर पहुंच गये जबकि तिलक वर्मा (10 पायदान ऊपर 55वें स्थान पर) और रिंकू सिंह (46 पायदान ऊपर 59वें स्थान पर) को भी फायदा हुआ.
हाल में टी20 अंतरराष्ट्रीय में नंबर एक गेंदबाज बने रवि बिश्नोई अभी तक दक्षिण अफ्रीका दौरे पर अंतिम एकादश में नहीं चुने गये हैं तो इससे अफगानिस्तान के राशिद खान का गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने का रास्ता खुल गया है. दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर तबरेज शम्सी दो पायदान के फायदे से 10वें स्थान पर पहुंच गये. भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव पांच पायदान के फायदे से 32वें स्थान पर काबिज हो गये हैं.
पावरप्ले का अधिक प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करना होगा : सूर्यकुमार यादव
कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि भारत को तीसरा टी20 जीतकर श्रृंखला में बराबरी करना है तो भारतीय बल्लेबाजों को पावरप्ले का बेहतर इस्तेमाल करना होगा . भारत ने सेंट जॉर्ज पार्क में पहले बल्लेबाजी करते हुए दो ओवर में छह रन पर ही दो विकेट गंवा दिये थे . सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल खाता भी नहीं खोल सके .
दक्षिण अफ्रीका ने 15 ओवर में 152 रन का संशोधित लक्ष्य सात गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया . मेजबान ने सिर्फ 2 . 5 ओवर में ही 42 रन बना डाले थे . सूर्यकुमार ने मैच के बाद कहा ,” संदेश साफ है . दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाजों ने पहले पांच छह ओवर में शानदार प्रदर्शन किया . हम इसी तरह के क्रिकेट की बात कर रहे थे . हमें अब तीसरे टी20 का इंतजार है .” टी20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 2000 रन पूरे करने वाले सूर्यकुमार ने कहा कि बारिश और ओस के कारण उनके गेंदबाजों को दिक्कतें आई .
उन्होंने कहा ,” स्कोर खराब नहीं था लेकिन गेंदबाजी करना मुश्किल था . मैने लड़कों से कहा कि कम्फर्ट जोन से बाहर निकलना होगा . ड्रेसिंग रूम का माहौल हमेशा खुशनुमा ही रहता है क्योंकि मैने उनसे कहा है कि जो मैदान पर होता है, उसे मैदान पर ही छोड़ दो .” दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्कराम ने कहा कि गेंदबाजों ने शुरूआती चरण में धीमी पिच का पूरा फायदा उठाकर भारतीय बल्लेबाजों को बांधे रखा . उन्होंने कहा ,” शुरूआत में विकेट धीमा था . बारिश से हमें बल्लेबाजी के दौरान मदद मिली . हमारे गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और अपनी रणनीति पर पूरा अमल किया .”



