यूक्रेन को लेकर अमेरिकी शांति योजना पर बातचीत रचनात्मक रूप से आगे बढ़ रही: रूस

मियामी. रूस के एक दूत ने कहा है कि यूक्रेन में लगभग चार साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका द्वारा प्रस्तावित शांति वार्ता फ्लोरिडा में ”रचनात्मक” रूप से आगे बढ़ रही है. वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि संबंधित पक्ष वार्ता में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं. यह बातचीत ट्रंप प्रशासन द्वारा महीनों से किये जा रहे शांति प्रयासों का हिस्सा है, जिनमें इस सप्ताह के आरंभ में र्बिलन में यूक्रेनी और यूरोपीय अधिकारियों के साथ बैठकें भी शामिल हैं.

रूसी सरकारी समाचार एजेंसी ‘आरआईए नोवोस्ती’ के अनुसार, रूसी दूत किरिल दिमित्रीव ने शनिवार को पत्रकारों से कहा, ”चर्चाएं रचनात्मक रूप से आगे बढ़ रही हैं. ये आज जारी हैं, और कल भी जारी रहेंगी.” खबर के अनुसार, दिमित्रीव ने मियामी में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर से मुलाकात की.

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने रविवार को टेलीग्राम पर लिखा कि राजनयिक प्रयास ”काफी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और फ्लोरिडा में हमारी टीम अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ काम कर रही है.” इससे पहले, शुक्रवार को यूक्रेन के प्रमुख वार्ताकार ने कहा कि अमेरिका में उनका प्रतिनिधिमंडल अमेरिकी और यूरोपीय पक्षकारों के साथ अलग-अलग बैठकें पूरी कर चुका है. ट्रंप ने युद्ध को समाप्त कराने के लिए व्यापक राजनयिक प्रयास शुरू किए हैं, लेकिन उनके प्रयासों को रूस और यूक्रेन की ओर से परस्पर विरोधी मांगों का सामना करना पड़ा है.

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल में संकेत दिया कि वह यूक्रेन पर अपनी मांगों से डिगने वाले नहीं हैं, क्योंकि भारी नुकसान के बावजूद रूस की सेनाएं युद्ध के मैदान में क्रमिक रूप से आगे बढ़ रही हैं. शुक्रवार को पुतिन ने विश्वास व्यक्त किया था कि यदि यूक्रेन शांति वार्ता में रूस की शर्तों को नहीं मानता है तो रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन अपने सैन्य लक्ष्यों को प्राप्त कर लेगा.

फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने रविवार को राष्ट्रपति एमैनुएल मैक्रों के साथ बातचीत करने की पुतिन की इच्छा का स्वागत किया और कहा कि वह ‘आने वाले दिनों में’ आगे की प्रक्रिया तय करेगा. इससे पहले खबर आयी थी कि पुतिन परस्पर राजनीतिक इच्छा होने पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं. मैक्रों के कार्यालय ने कहा है कि किसी भी बातचीत का उद्देश्य ‘राष्ट्रपति जेलेंस्की और हमारे यूरोपीय भागीदारों के साथ पूरी पारर्दिशता के साथ यूक्रेन और यूरोप के लिए एक ठोस व स्थायी शांति में योगदान देना’ होगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button