तमिल फिल्म ‘महाराजा’ शुक्रवार को चीन में होगी रिलीज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Nov 2024 09:14 PM
तमिल फिल्म ‘महाराजा’ शुक्रवार को चीन में होगी रिलीज
ऑडियो सुनें

बीजिंग. तमिल फिल्म ‘महाराजा’ शुक्रवार को चीन में रिलीज होगी और इसी के साथ यह पहली भारतीय फिल्म बन जाएगी, जिसे दोनों देशों के बीच संबंध सामान्य होने के बाद चीनी दर्शकों को दिखाया जाएगा. पूर्वी लद्दाख में गतिरोध के समाधान के लिए पिछले महीने दोनों देशों के बीच हुए समझौते के बाद हालात सामान्य हुए हैं. फिल्म ‘महाराजा’ की प्री-स्क्रीनिंग पहले ही शुरू हो चुकी है और चीन में यह फिल्म हॉलीवुड की ‘ग्लेडिएटर-2’ और स्थानीय फिल्म ‘हर स्टोरी’ के साथ रिलीज होगी.

सरकार के स्वामित्व वाले ‘ग्लोबल टाइम्स’ ने मंगलवार को बताया कि फिल्म को चीनी मूवी रिव्यू साइट ‘डौबन’ पर 10 में से 8.7 की रेटिंग मिली है और इसे हाल के वर्षों में सबसे अधिक रेटिंग वाली भारतीय फिल्मों में गिना जा रहा है. निथिलन स्वामीनाथन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विजय सेतुपति, अनुराग कश्यप, ममता मोहनदास और नट्टी नटराज जैसे कलाकार हैं. यह फिल्म 14 जून को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बहुत बड़ी हिट रही थी.

फिल्म ‘महाराजा’ का चीनी भाषा में नाम ‘यिन गुओ बाओ यिंग’ है. हाल के वर्षों में भारतीय फिल्मों ने चीन में बड़ी सफलता हासिल की हैं, जिनमें विशेषकर आमिर खान की ‘थ्री इडियट्स’, ‘दंगल’ और ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ शामिल हैं. इन फिल्मों के विषय चीनी दर्शकों को काफी पसंद आये और इन्होंने चीन में अच्छी खासी कमाई भी की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu