अहमदाबाद विमान दुर्घटना का वीडियो बनाने वाला किशोर पढ़ाई शुरू करने के लिए घर लौटा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 15 Jun 2025 09:03 PM
अहमदाबाद विमान दुर्घटना का वीडियो बनाने वाला किशोर पढ़ाई शुरू करने के लिए घर लौटा
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. गुजरात के अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना को अनजाने में अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लेने के बाद से व्यथित आर्यन असारी मनोवैज्ञानिक आघात से उबरने के लिए रविवार को अपनी 12वीं कक्षा की पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने के वास्ते अरावली जिले में अपने पैतृक गांव लौट गया. शामलाजी तालुका का रहने वाला 17 वर्षीय आर्यन बृहस्पतिवार को किताबें खरीदने के लिए अहमदाबाद पहुंचा था और इसी दिन ये विमान हादसा हुआ.

आर्यन ने बताया, ”मैंने पिछले महीने 11वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की और 12वीं में दाखिला ले लिया. मैं 12 जून को किताबें खरीदने के लिए अहमदाबाद आया था. मैं अपने पिता के किराए के घर पर दोपहर करीब 12:30 बजे पहुंचा.” आर्यन ने बताया कि वह काफी नीचे उड़ रहे विमान को देखकर हतप्रभ हो गए थे.

आर्यन सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक मेघाणीनगर इलाके में एक घर की छत पर थे, जब उन्होंने अहमदाबाद से लंदन जा रहे विमान को उड़ान भरने के तुरंत बाद एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त होते देखा.
इस दुर्घटना में विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की जान चली गई, साथ ही कई अन्य लोग भी हताहत हुए.

आर्यन ने संवाददाताओं से कहा, ”मैं दोपहर करीब 12:30 बजे अपने पिता के किराये के घर पहुंचा था और जब मुझे पता चला कि विमान काफी पास से ऊपर उड़ते हैं, तो मैं छत पर चला गया. मैं उत्सुकता से कम ऊचांई पर उड़ रहे विमान का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था, क्योंकि मैंने पहले कभी किसी विमान को इतनी नजदीक से नहीं देखा था.”

उन्होंने कहा, ”जब विमान उतरने लगा, तो मुझे लगा कि यह हवाई अड्डे के दूसरी तरफ उतरेगा. फिर यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया और मेरी आंखों के सामने ही आग की लपटों में घिर गया. यह भयावह पल था.” घर की मालिक कैलाशबा ने आर्यन की बात की पुष्टि करते हुए कहा, ”वह पहली बार अहमदाबाद आया था और आने के कुछ ही घंटों के भीतर उसने ऐसी भयावह घटना देखी. उसने जो वीडियो बनाया था, उसे उसने पहले अपने पिता को भेजा था और बाद में ये वायरल हो गया.” उन्होंने कहा कि आर्यन अपनी पढ़ाई फिर से शुरू करने के लिए अपने पैतृक स्थान के लिए रवाना हो गया है. पुलिस ने बताया कि आर्यन ने शनिवार को अहमदाबाद अपराध शाखा के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया, जिसमें उसने प्रत्यक्षदर्शी के रूप में अपनी भूमिका की पुष्टि की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu