सरेआम महिला को निर्वस्त्र किये जाने पर तेलंगाना की राज्यपाल ने मुख्य सचिव, डीजीपी से रिपोर्ट तलब की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 09 Aug 2023 09:14 PM
सरेआम महिला को निर्वस्त्र किये जाने पर तेलंगाना की राज्यपाल ने मुख्य सचिव, डीजीपी से रिपोर्ट तलब की
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन ने शराब के नशे में एक व्यक्ति द्वारा एक महिला को सरेआम कथित तौर पर निर्वस्त्र किये जाने की घटना के दोषियों के खिलाफ मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को कार्रवाई करने का बुधवार को निर्देश दिया. साथ ही, इस पर फौरन एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को भी कहा है.

राजभवन द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यपाल घटना को लेकर व्यथित हैं. इस बीच, तेलंगाना महिला आयोग ने घटना का गंभीर संज्ञान लिया और आश्वस्त किया कि वह आरोपियों को कड़ा दंड दिलाना सुनिश्चित करेगा. इसकी अध्यक्ष वी. सुनीता लक्ष्मा रेड्डी ने कहा कि आयोग पीड़िता के साथ खड़ा है.

पुलिस ने बताया कि आरोपी एक श्रमिक है, जिसे छह अगस्त की रात सड़क पर एक बहस होने के बाद 28 वर्षीय महिला को कथित तौर पर निर्वस्त्र करने को लेकर गिरफ्तार किया गया है. आयोग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि रेड्डी के निर्देशानुसार, आयोग की एक सदस्य और इसकी जांच अधिकारी (आईओ) ने पीड़िता से उसके घर पर मुलाकात की.

आयोग की अध्यक्ष ने पीड़िता से बात की और घटना पर रोष व्यक्त किया. उन्होंने उसे आश्वस्त किया कि महिला आयोग और राज्य सरकार उसके साथ खड़ी रहेगी. रेड्डी ने कहा कि आयोग आरोपी को कड़ा दंड सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा. उन्होंने पुलिस विभाग से घटना की गहन जांच करने और एक रिपोर्ट सौंपने को कहा. उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि मौके पर मौजूद आरोपी की मां ने अपने बेटे को रोकने की कोशिश नहीं की.

आयोग की विज्ञप्ति में कहा गया है कि रेड्डी ने इस बात को लेकर भी हैरानी जताई कि मौके पर मौजूद लोग पीड़िता की मदद के लिए आगे नहीं आये और महज मूकदर्शक बने रहे. निजी क्षेत्र में काम करने वाली महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि वह जब अपने घर लौट रही थी और एक सड़क पार कर रही थी, तभी नशे की हालत में आरोपी ने उसे अनुचित तरीके से छुआ, जिसके बाद उसने उसे थप्पड़ मारा, लेकिन व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की.

शिकायतकर्ता ने कहा कि इसबीच, आरोपी की मां ने अपने बेटे को थप्पड़ मारे जाने पर पीड़िता के साथ बहस की. हालांकि, पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने दावा किया है कि महिला ने उसकी मां की साड़ी खींची, जिसके बाद व्यक्ति ने महिला के साथ यह हरकत की. अधिकारी ने बताया कि जब व्यक्ति ने अशोभनीय हरकत की, तब वहां से गुजर रहे करीब 10-15 राहगीर महिला को

बचाने के लिए आगे नहीं आए. इसके बजाय उन्होंने घटना की तस्वीरें खींची और वीडियो बनाया. हालांकि, बाद में कुछ स्थानीय लोगों ने एक कपड़े से महिला का तन ढका और पुलिस को घटना की सूचना दी. महिला की शिकायत के आधार पर जवाहर नगर पुलिस थाने में एक मामला दर्ज किया गया है. व्यक्ति को सोमवार को गिरफ्तार किया गया और उसकी मां को भी बाद में पकड़ लिया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu