चोरी और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने में तेलंगाना पहले स्थान पर…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 09 Aug 2023 12:54 PM
चोरी और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने में तेलंगाना पहले स्थान पर…
ऑडियो सुनें

हैदराबाद: ‘केंद्रीय उपकरण पहचान रजिस्टर’ (सीईआईआर) पोर्टल का उपयोग करके खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन को बरामद करने के मामले में तेलंगाना ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, इस पोर्टल की मदद से तेलंगाना में 5,038 मोबाइल फोन बरामद किए गए यानी फोन मिलने की दर 67.98 फीसदी रही। वहीं, 54.20 फीसदी दर के साथ कर्नाटक दूसरे तथा 50.90 फीसदी दर के साथ आंध्र प्रदेश तीसरे स्थान पर है।

दूरसंचार विभाग (डीओटी) द्वारा विकसित सीईआईआर पोर्टल को मोबाइल के चोरी होने व उसके दुरुपयोग के खतरे को रोकने के लिये इस साल 17 मई को देश भर में आधिकारिक तौर पर शुरू किया गया था। विभाग ने इस साल 19 अप्रैल को तेलंगाना में तथा पिछले साल सितंबर महीने में कर्नाटक में इस पोर्टल को प्रायोगिक आधार पर शुरू किया था।

सीईआईआर पोर्टल तेलंगाना के सभी 780 पुलिस थानों में संचालित है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) ??महेश एम भागवत को राज्य में इस पोर्टल के नोडल अधिकारी के रूप में नामित किया गया है। मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, “बीते 110 दिन की अवधि में 5,038 खोए/चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद किए गए, जिनमें से अंतिम 1,000 मोबाइल फोन को 16 दिन में बरामद किया गया और उन्हें शिकायतकर्ताओं को सौंप दिया गया।”

तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक अंजनी कुमार ने इस उपलब्धि के लिये अतिरिक्त महानिदेशक महेश भागवत और पूरी टीम को बधाई दी। डीजीपी ने कहा कि तेलंगाना पुलिस द्वारा मोबाइल फोन बरामद करने के लिए सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करना राज्य के लोगों के लिए लाभकारी साबित हुआ है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav