10वीं की बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले के आरोपियों को लाया जा रहा सीआईडी मुख्यालय

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 18 Mar 2023 11:26 AM
10वीं की बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले के आरोपियों को लाया जा रहा सीआईडी मुख्यालय
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी: असम में 10वीं की बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में मुख्य आरोपी दो शिक्षकों को शनिवार को लखीमपुर से गुवाहाटी लाया जा रहा है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि दोनों के साथ एक किशोर आरोपी और एक अन्य शिक्षक को भी लाया जा रहा है। अधिकारी ने कहा, ‘‘मुख्य आरोपी प्रणब दत्त और कुमुद राजखोवा लखीमपुर सदर थाने से सुबह करीब सवा आठ बजे गुवाहाटी के लिए रवाना हुए।

एक अन्य शिक्षक और एक छात्र भी उनके साथ हैं।’’ सड़क मार्ग से लगभग 380 किलोमीटर की दूरी तय करके उन्हें शाम तक यहां सीआईडी मुख्यालय लाए जाने की उम्मीद है। दत्त को पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम माजुली से हिरासत में लिया था, जबकि राजखोवा ने शुक्रवार को लखीमपुर में आत्मसमर्पण किया था। दोनों अलग-अलग स्कूलों में शिक्षक हैं, दत्त पर प्रश्न पत्र निकालने और राजखोवा की मदद से उन्हें वितरित करने का आरोप है।

शुक्रवार शाम दोनों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए दत्त, राजखोवा और अन्य शिक्षक को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। असम पुलिस के प्रवक्ता प्रशांत कुमार भुइयां ने शुक्रवार को कहा था कि प्रश्नपत्र लीक मामले में अब तक कई किशोरों समेत कुल 31 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

असम माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (एसईबीए) द्वारा आयोजित 10वीं कक्षा की परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के दो मामले सामने आए हैं, जिसके कारण दोनों परीक्षाओं को रद्द कर दिया गया है। सोमवार को होने वाली सामान्य विज्ञान की परीक्षा को एक रात पहले रद्द कर दिया गया था, जबकि शनिवार को होने वाले मॉडर्न इंडियन लैंग्वेज (एमआईएल) एवं अंग्रेजी के पेपर को बृहस्पतिवार रात रद्द घोषित कर दिया गया था। रद्द की गई पहली परीक्षा अब 30 मार्च को और दूसरी 1 अप्रैल को होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav