बलिया में पेड़ से लटका मिला युवती का शव, विपक्षी दलों ने सरकार पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Mar 2025 10:26 PM
बलिया में पेड़ से लटका मिला युवती का शव, विपक्षी दलों ने सरकार पर साधा निशाना
ऑडियो सुनें

बलिया. उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा क्षेत्र में रविवार सुबह 20 वर्षीय एक युवती का शव पेड़ से लटकता पाये जाने से हड़कंप मच गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. इस मामले को लेकर राज्­य के मुख्­य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है.

पुलिस अधीक्षक (एसपी) ओमवीर सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सरया गुलाब राय गांव में एक युवती का शव पेड़ से लटका हुआ है तथा बाद में उसकी पहचान पूजा चौहान (20) के रूप में हुई. उन्होंने बताया कि पूजा के हाथ पीछे से बंधे हुए थे और पैर जमीन से करीब छह फुट ऊपर थे. पुलिस अधीक्षक सिंह के मुताबिक पूजा के माता-पिता दो दिन पहले उसे घर में अकेला छोड़कर लखनऊ के संजय गांधी परास्नातक आयुर्वज्ञिान संस्थान चले गए थे. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और मामले की जांच के लिए पुलिस की चार टीम बनाई गई हैं. इस घटना को लेकर सपा और कांग्रेस ने एक वीडियो पोस्ट करते हुए योगी सरकार पर निशाना साधा है.

सपा ने रविवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ” योगी सरकार की नाकामी का शिकार हो रहीं बेटियां. बलिया में 17 साल की युवती का पेड़ से लटका मिला शव. राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार में रोजाना बहन- बेटियों की हो रही हत्या, बलात्कार, शोषण. क्या यही है मुख्यमंत्री का जीरो टॉलरेंस? आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई हो, मिले न्याय.” वहीं, कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ”बलिया में 20 वर्षीय युवती की लाश पेड़ पर लटकी मिली है. युवती के दोनों हाथ रस्सी से पीछे बंधे हुए थे. भाजपा सरकार में हर दिन बहन-बेटियों के साथ ऐसी हृदयविदारक घटनाएं हो रही हैं. लेकिन बाबा जी को अपने सत्ता सुख के आगे कुछ दिखता कहां है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu