वो दिन दूर नहीं जब संसद में मुसलमान की ‘मॉब लिंचिंग’ होगी : ओवैसी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 07:29 PM
वो दिन दूर नहीं जब संसद में मुसलमान की ‘मॉब लिंचिंग’ होगी : ओवैसी
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रमेश बिधूड़ी द्वारा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के सदस्य दानिश अली पर की गई टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब संसद में एक मुस्लिम की भीड़ द्वारा पीट पीट कर हत्या (मॉब लिंचिंग) की जाएगी.

रविवार देर रात यहां एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने देश में गाय तस्करी और अन्य मुद्दों को लेकर भीड़ द्वारा हत्या की कथित घटनाओं के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, “हम देखते हैं कि संसद में भाजपा का एक सांसद एक मुस्लिम सांसद को गाली देता है. लोग कह रहे हैं कि उन्हें संसद में ये बात नहीं कहनी चाहिए थी. कहते हैं उनकी जुबान खराब थी. वह एक जन प्रतिनिधि हैं, आपने उन्हें वोट दिया है.”

हैदराबाद के सांसद ने हरियाणा के नूंह में कानूनी प्रक्रिया का पालन किए बिना कथित रूप से घरों को तोड़ने और (हरिद्वार में) ‘धर्म संसद’ में मुसलमानों के खिलाफ कथित रूप से अपशब्द कहे जाने की घटनाओं का भी हवाला दिया. उन्होंने अपने बचपन में उनके पैतृक शहर में जुलूस के दौरान कथित तौर पर “आरएसएस के लोगों” द्वारा उनके घर को लेकर लगाए गए अपमानजनक नारों के बारे में भी बात की.

एआईएमआईएम के प्रमुख ने कहा, ” मेरे शब्दों को याद रखें. एक दिन आएगा जब संसद में एक मुस्लिम की ‘मॉब लिंचिंग’ (भीड़ द्वारा हत्या) होगी. वह दिन दूर नहीं है.” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नारा ‘सब का साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ कहां गायब हो गया? सांसद ने कहा, “क्या नरेन्द्र मोदी अपने सांसद के भाषण का अरबी में अनुवाद करा कर उसे मोहम्मद बिन जायद (यूएई) को भेजेंगे?”

ओवैसी ने दावा किया कि हरियाणा में (गाय तस्करी के आरोप में) जुनैद और नसीर की हत्या जैसी घटनाओं पर प्रधानमंत्री चुप हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने वोट पाने के लिए देश में नफरत का माहौल पैदा किया है. तेलंगाना में आगामी विधानसभा चुनाव पर ओवैसी ने मतदाताओं से एआईएमआईएम को कामयाब बनाने की गुजारिश की.

उन्होंने कहा कि उन्होंने (भारत राष्ट्र समिति की सरकार के दौरान) हैदराबाद और तेलंगाना में कोई दंगा होते नहीं देखा.ओवैसी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में केरल के वायनाड के बजाए हैदराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी.

उन्होंने कहा, ” “मैं आपके नेता से कहता हूं कि इस बार हैदराबाद से चुनाव लड़ें, वायनाड से नहीं. मैं आपको चुनौती देता हूं कि आप हैदराबाद आएं, वायनाड क्यों?” उन्होंने कांग्रेस सरकार के दौरान बाबरी मस्जिद के विध्वंस का हवाला देते हुए कहा कि हैदराबाद में सचिवालय में ध्वस्त की गई एक मस्जिद का पुर्निनर्माण कर लिया गया है, लेकिन बाबरी मस्जिद का पुन:निर्माण नहीं हुआ है.

एआईएमआईएम द्वारा संसद में महिला आरक्षण विधेयक के खिलाफ मतदान करने पर, ओवैसी ने कहा कि उन्होंने मुस्लिम और ओबीसी महिलाओं को आरक्षण देने का समर्थन किया था. उन्होंने केंद्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जी किशन रेड्डी से पूछा कि क्या मुस्लिम और ओबीसी महिलाओं को आरक्षण नहीं मिलना चाहिए?
***

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu