बिना दुल्हन लौटी बारात, गांव में नहीं थी कोई शादी

ऊना. हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है. नारी गांव से आई बारात सिंगा गांव से बिना दुल्हन लिए लौट गयी क्यूंकि वहां कोई शादी नहीं होने वाली थी. मंगलवार को नारी गांव से आई बारात जब सिंगा पहुंची तो वहां के लोग हैरान रह गए, क्योंकि गांव में किसी भी लड़की की शादी नहीं थी. जब बारात पक्ष ने लड़की की तस्वीर दिखाई, तो गांव वालों ने बताया कि ऐसी कोई लड़की उनके गांव में नहीं रहती.

सिंगा गांव के सरपंच गुरदेव सिंह ज्ञानी ने कहा कि गांव में ऐसी कोई लड़की या परिवार नहीं है. उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. मनु और राजीव ने यह शादी कथित तौर पर तय कराई थी. ये दोनों दूल्हे के पड़ोसी हैं और उन्होंने शादी तय कराने के लिए दूल्हे से 50,000 रुपये लिए थे. दूल्हे और दुल्हन की मुलाकात भी कभी नहीं हुई थी, वे सिर्फ एक हफ्ते से फोन पर बात कर रहे थे.

स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस वहां पहुंची और जब शादी तय कराने वाले लोगों से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि दुल्हन ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है और उसे पंजाब में नवांशहर के एक अस्पताल ले जाया जा रहा है. वर पक्ष ने महिला मनु को पकड़ लिया और उसे वापस सिंगा गांव लेकर आए. स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद बारातियों को पंचायत घर ले जाया गया और आखिरी समचार मिलने तक विवाद का हल नहीं हुआ था. हरोली के पुलिस उपाधीक्षक मोहन रावत ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि दूल्हे के परिवार को समझौता करने या ऊना सदर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button