
नयी दिल्ली. केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि जी20 की अध्यक्षता के दौरान देशभर में 60 से अधिक स्थानों पर 200 से अधिक बैठकें आयोजित की गईं, जिन्होंने दुनिया का ध्यान भारत की ओर आकृष्ट किया. रेड्डी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि इन बैठकों ने भारत आने वाले जी20 के प्रतिनिधियों के लिए यादगार अनुभव प्रदान करने के वास्ते सरकारों, निजी क्षेत्र एवं अन्य हितधारकों के बीच वैश्विक साझेदारी को मजबूत किया. उन्होंने कहा कि इन आयोजनों के लिए मेजबान शहरों में बुनियादी ढांचे को उन्नत किया गया और आयोजनों के सफल संचालन के लिए हितधारकों की क्षमता निर्माण के लिए विभिन्न पहल की गईं.



