नवाज शरीफ की निगरानी में तैयार हुई भारत के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की रूपरेखा: मंत्री का दावा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 May 2025 08:42 PM
नवाज शरीफ की निगरानी में तैयार हुई भारत के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की रूपरेखा: मंत्री का दावा
ऑडियो सुनें

लाहौर. पाकिस्तान के सत्तारूढ़ दल ‘पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज’ (पीएमएल-एन) की एक वरिष्ठ नेता ने बुधवार को दावा किया कि भारत के खिलाफ सैन्य अभियान की रूपरेखा पार्टी अध्यक्ष नवाज शरीफ की देखरेख में तैयार की गई थी. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बड़े भाई नवाज शरीफ खुद तीन बार प्रधानमंत्री रह चुके हैं. उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच सभी तरह के हमले रोकने की शनिवार को सहमति बनने के बाद पाकिस्तान के असैन्य और सैन्य नेतृत्व को बधाई दी थी.

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सूचना मंत्री अजमा बुखारी ने दावा किया, ”भारत के खिलाफ पूरे अभियान की रूपरेखा पूर्व प्रधानमंत्री और पीएमएल-एन प्रमुख नवाज शरीफ की देखरेख में तैयार की गई थी.” उन्होंने कहा कि नवाज शरीफ ”ए, बी, सी, डी टाइप के नेता नहीं हैं बल्कि उनका काम बोलता है.” मंत्री ने दावा किया, ”वह नवाज शरीफ ही थे जिन्होंने पाकिस्तान को परमाणु शक्ति बनाया और अब उन्होंने भारत के खिलाफ पूरे अभियान की रूपरेखा तैयार की.” यदि बुखारी का दावा सही है, तो यह देश के असैन्य और सैन्य नेतृत्व पर नवाज शरीफ के प्रभाव को दर्शाता है.

दिलचस्प बात यह है कि नवाज शरीफ ने आठ मई को भारत-पाकिस्तान तनाव का आकलन करने के लिए प्रधानमंत्री आवास में आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में भाग लिया था. यह बैठक 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकवादी हमले के जवाब में भारत द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकवादी बुनियादी ढांचों पर हमला करने के एक दिन बाद बुलाई गई थी.
‘एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार, चूंकि नवाज शरीफ के पास कोई सरकारी विभाग नहीं है, इसलिए उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी सरकार के प्रमुख की हैसियत से बैठक में भाग लिया. खबर में कहा गया है कि बैठक में नवाज शरीफ ने भारत के साथ शांति बहाल करने के लिए सभी उपलब्ध राजनयिक संसाधनों का उपयोग करने की वकालत की थी.

खबर में नवाज के हवाले से कहा गया, ”मैं (भारत के खिलाफ) आक्रामक रुख अपनाने के पक्ष में नहीं हूं.” भारतीय कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने आठ, नौ और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमला करने की कोशिश की. नवाज भारत के साथ बढ़ते तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक समाधान की वकालत कर रहे थे.

नवाज ने शनिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”पाकिस्तान एक शांतिप्रिय देश है और शांति पसंद करता है लेकिन यह भी जानता है कि अपनी रक्षा कैसे करनी है.” उन्होंने कहा था, “पाकिस्तान को गौरवान्वित करने के लिए अल्लाह का शुक्रिया. मैं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख जनरल सैयद असीम मुनीर, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल जहीर सिंधु और पाकिस्तान के सशस्त्र बलों को बधाई देता हूं.” वर्ष 1999 में जब करगिल युद्ध हुआ था तब नवाज शरीफ ही पाकिस्तान के प्रधानमंत्री थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu