सावरकर के लिखे देशभक्ति गीत को महाराष्ट्र सरकार का पुरस्कार मिला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 May 2025 07:46 PM
सावरकर के लिखे देशभक्ति गीत को महाराष्ट्र सरकार का पुरस्कार मिला
ऑडियो सुनें

मुंबई. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वतंत्रता सेनानी वी डी सावरकर द्वारा लिखे गए देशभक्ति गीत ”अनादि मी, अनंत मी” को मंगलवार को पहला ‘छत्रपति संभाजी महाराज राज्य प्रेरणा गीत पुरस्कार’ प्रदान किया. दिवंगत हिंदुत्व विचारक के पोते रंजीत सावरकर ने स्वातंर्त्यवीर सावरकर फाउंडेशन की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया. यह समारोह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में आयोजित किया गया. पुरस्कार प्रदान करने के तुरंत बाद शाह दिल्ली के लिए रवाना हो गए. पुरस्कार में, 2 लाख रुपये का नकद पुरस्कार और एक स्मृति चिह्न शामिल है.

राज्य के संस्कृति विभाग ने इस वर्ष लोगों को प्रेरित करने वाले एक गीत को सम्मानित करने के लिए इस पुरस्कार की शुरुआत की और इसका नाम छत्रपति संभाजी महाराज के नाम पर रखा. कार्यक्रम में, राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने कहा कि छत्रपति संभाजी महाराज का जीवन लोगों को प्रेरित करता है.

शेलार ने कहा, ”वह एक महान विचारक और कवि थे और उन्होंने कई रचनाएं कीं. इसलिए हमने इस पुरस्कार का नाम उनके नाम पर रखने का फैसला किया.” उन्होंने कहा कि सावरकर की कविता ”अनादि मी, अनंत मी” में अपार आंतरिक शक्ति है, जो इसे पुरस्कार का पहला हकदार बनाती है. शाह और फडणवीस ने सावरकर के राष्ट्रीय स्मारक के लिए दो लाख रुपये का चेक सावरकर फाउंडेशन के प्रतिनिधियों को सौंपा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu