
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अरूणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत पर रविवार को हर्ष जताया. आदित्यनाथ ने पार्टी की इस जीत को ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ के संकल्प से जोड़ते हुए केंद्र में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने की उम्मीद जताई है. देश में सात चरणों में हुए आम चुनाव के नतीजे चार जून को आएंगे.
अपने ‘एक्स’ हैंडल पर आदित्यनाथ ने पोस्ट किया, “अरुणाचल प्रदेश विधानसभा में प्रचंड बहुमत से ‘फिर एक बार मोदी सरकार’ का संकल्प पूरा हो गया है. पूर्व दिशा से आ रही इस अरुणिमा से चार जून को पूरा देश आलोकित होगा. कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘इंडी’ (इंडिया) गठबंधन का चार जून को चारों खाने चित होना सुनिश्चित है.” भाजपा ने अरुणाचल प्रदेश में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करते हुए रविवार को 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट जीतकर बहुमत हासिल कर लिया.



