देश में बढ़ रहा कोरोना का खतरा: पिछले एक हफ्ते में 750 नए केस…

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 26 May 2025 12:56 PM
देश में बढ़ रहा कोरोना का खतरा: पिछले एक हफ्ते में 750 नए केस…
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: देश में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बीते एक हफ्ते में देश में कोरोना के 752 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 305 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दी। चिंता की बात यह है कि बीते सात दिनों में कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा सात दर्ज किया गया है। मरने वालों महाराष्ट्र के चार, केरल के दो और कर्नाटक का एक शख्स शामिल है। नए मामलों की बात करें तो बीते एक हफ्ते में (19 मई के बाद) सबसे ज्यादा 335 मामले केरल, 153 महाराष्ट्र, 99 दिल्ली, 76 गुजरात और 34 कर्नाटक में आए हैं। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, 26 मई को सुबह 8:00 बजे देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 1009 है।

कोरोना के सबसे ज्यादा 403 मामले

कुल केसों की बात करें तो केरल में कोरोना के सबसे ज्यादा 403 मामले दर्ज किए गए हैं। मुंबई में 209 और दिल्ली में अब तक 104 मामले दर्ज किए गए हैं। इन शहरों के बाद गुजरात का नंबर आता है, जहां 83 मामले दर्ज किए गए हैं। कर्नाटक में 47, उत्तर प्रदेश में 15 और पश्चिम बंगाल में 12 मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्र सरकार की एजेंसी इंडियन SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (Insacog) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नए कोरोना संक्रमणों में वृद्धि के बीच दो नए वेरिएंट के मामले सामने आए हैं।

बंगाल में चार और कोविड संक्रमण, सक्रिय मामले 11 हुए

पश्चिम बंगाल में चार और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। अब यहां सक्रिय मामलों की संख्या 11 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सांस संबंधी समस्याओं वाले मरीजों का सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। इनमें से ज्यादातर मामले कोलकाता और उसके उपनगरों से सामने आए हैं। 19 मई तक बंगाल में कोरोना का सिर्फ एक सक्रिय मामला था।

बिहार में मौजूदा लहर का पहला मामला सामने आया

बिहार में सोमवार को कोविड-19 की मौजूदा लहर का पहला मामला सामने आया। पटना के 31 वर्षीय एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई। निजी अस्पताल में इलाज करा रहे मरीज का हाल ही में राज्य से बाहर यात्रा करने का कोई इतिहास नहीं है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital