पार्टी में बगावत के खिलाफ जिस तरह शरद पवार खड़े हुए हैं, वह हम सब को प्रेरित करती है: राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Jul 2023 09:07 PM
पार्टी में बगावत के खिलाफ जिस तरह शरद पवार खड़े हुए हैं, वह हम सब को प्रेरित करती है: राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के संस्थापक शरद पवार पार्टी में हुए विद्रोह के खिलाफ जिस तरह से इस उम्र में खड़े हुए हैं, वह प्रेरणादायी है. पवार (82) ने बृहस्पतिवार को कहा था कि वह ही पार्टी के अध्यक्ष हैं. उन्होंने उप मुख्यमंत्री तथा अपने भतीजे अजित पवार के सेवानिवृत्ति वाले तंज पर पलटवार करते हुए कहा था कि उम्र चाहे 82 हो या 92, वह प्रभावी तरीके से काम करते रहेंगे.

राउत ने कहा, ” उनकी यही बात हमें प्रेरणा देती है. (शिवसेना संस्थापक) बालासाहेब (ठाकरे) भी 84-86 वर्ष के थे. हम उनसे प्ररेणा लेंगे. उम्र क्या है? महात्मा गांधी बुजुर्ग थे, लेकिन तब भी उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी थी.” राज्यसभा सदस्य ने कहा कि महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे तथा शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के बीच बातचीत के लिए किसी मध्यस्थ की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि दोनों भाई हैं. उन्होंने यह बात दोनों के मध्य संभावित गठबंधन की चर्चा के बीच कही.

मनसे नेता अभिजीत पानसे ने बृहस्पतिवार को राउत से मुलाकात की थी, जिसके बाद महाराष्ट्र के बदले राजनीतिक परिदृश्य में दोनों ठाकरे बंधुओं (उद्धव और राज ठाकरे) के बीच संभावित सुलह को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थीं. पानसे ने हालांकि राज की ओर से किसी प्रकार के गठबंधन का प्रस्ताव उद्धव ठाकरे को भेजे जाने से इनकार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu