नयी दिल्ली. भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) के बीच पिछले सप्ताह सैन्य कार्रवाई रोकने पर बनी सहमति की कोई ‘समाप्ति तिथि’ नहीं है. भारतीय सेना ने रविवार को यह जानकारी दी. भारतीय सेना की ओर से यह स्पष्टीकरण उन खबरों के बाद आया है कि दोनों सेनाओं के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने पर बनी सहमति आज शाम समाप्त हो रही है. भारत और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशकों (डीजीएमओ) ने 12 मई को सभी सैन्य कार्रवाइयों को रोकने पर सहमति जताई थी.
यह सहमति मुख्य रूप से दो दिनों के लिए तब बनी थी, जब दोनों देशों के डीजीएमओ ने 10 मई को हॉटलाइन पर बातचीत की थी.
भारतीय सेना ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ”जहां तक ??12 मई को डीजीएमओ की बातचीत में लिए गए निर्णय के अनुसार संघर्ष रोकने पर बनी सहमति का सवाल है, तो इसकी कोई समाप्ति तिथि नहीं है.” इसने यह भी स्पष्ट किया गया है कि रविवार को कोई ”डीजीएमओ वार्ता’ निर्धारित नहीं है, जैसा कि मीडिया के एक वर्ग ने खबर दी है. भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले संघर्ष के बाद 10 मई को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति बनी थी. चार दिनों के संघर्ष के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के सैन्य प्रतिष्ठानों को ड्रोन, मिसाइलों और लंबी दूरी के हथियारों से निशाना बनाया था, जिससे व्यापक युद्ध की आशंका पैदा हो गई थी.