IOA के CEO की नियुक्ति पर पीछे हटने का सवाल ही नहीं, पीटी उषा ने कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Feb 2024 07:35 PM
IOA के CEO की नियुक्ति पर पीछे हटने का सवाल ही नहीं, पीटी उषा ने कहा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की प्रमुख पीटी उषा ने रविवार को कहा कि उन्हें नवनियुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पर पूरा भरोसा है और उन्हें शीर्ष पद पर नियुक्त करने के फैसले से पीछे नहीं हटेंगी. इस तरह की खबरें हैं कि आईओए कार्यकारी परिषद के अधिकांश सदस्य एक निलंबन आदेश पर हस्ताक्षर करेंगे जिसमें सीईओ के रूप में रघुराम अय्यर की नियुक्ति को अमान्य घोषित किया जाएगा.

आईओए ने एक साल बाद और अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी)के बार-बार याद दिलाने के बाद छह जनवरी को इंडियन प्रीमियर लीग टीम राजस्थान रॉयल्स के पूर्व अधिकारी अय्यर को सीईओ नियुक्त किया था. हालांकि उनकी नियुक्ति के कुछ हफ्तों के भीतर आईओए की कार्यकारी परिषद के कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि महान खिलाड़ी उषा ने सीईओ के रूप में अय्यर की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त करने के लिए उन पर ‘दबाव डाला’ था. उषा ने इस आरोप को ‘शर्मनाक’ बताया. कार्यकारी परिषद के 15 में से लगभग 12 सदस्यों ने तब कहा था कि अय्यर की नियुक्ति को शीर्ष संस्था ने मंजूरी नहीं दी थी.

यह पूछे जाने पर कि क्या आईओए अध्यक्ष बनने के बाद से वह समस्याओं से घिरी हुई लगती हैं, उषा ने कहा, ”हर बार. इसे हल करना पड़ता है. जब आप गलत काम करते हैं, तो आपको डरना पड़ता है. जब आप सही और उचित काम कर रहे होते हैं तो फिर इस पर चिंता क्यों.” दिल्ली खेल पत्रकार संघ (डीएसजेए) और भारतीय खेल पत्रकार महासंघ (एसजेएफआई) द्वारा यहां आयोजित एक समारोह में उषा से सीईओ प्रकरण पर टिप्पणी करने के लिए कहा गया तो उन्होंने कहा, ”सीईओ काम कर रहे हैं. मैं पहले ही उचित तरीके से नियुक्ति कर चुकी हूं और वह काम कर रहे हैं.” यह पूछे जाने पर कि क्या कार्यकारी परिषद के कई सदस्यों के कथित तौर पर उन्हें हटाने की इच्छा के बावजूद क्या वह अपना सामान्य कामकाज कर सकेंगे, उषा ने कहा, ”शत प्रतिशत (वह बने रहेंगे). क्यों नहीं? वह एक बहुत अच्छे सीईओ हैं.”

खेल पत्रकारों द्वारा पदक, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न से सम्मानित होने के बाद उन्होंने कहा, ”हम हमेशा चाहते थे कि आईओए में एक बड़ा (सीईओ पद पर एक प्रसिद्ध व्यक्ति) अधिकारी हो… और इससे बहुत बड़े पैमाने पर खेलों में मदद मिल सकती है. मैं इसी तरह से सोच रही हूं.” उन्होंने कहा,”मुझे उन (सीईओ) पर भरोसा है और वह अब जो कुछ भी कर रहे हैं, उस पर मुझे भरोसा है.” इस अवसर पर जाने माने पिस्टल निशानेबाज जसपाल राणा और भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला भी उपस्थित थे जो सम्मानित अतिथि थे. उन्होंने उषा को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ के लिए पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया.

टेनिस के दिग्गज विजय अमृतराज, पूर्व दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी प्रकाश पादुकोण, महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर और पूर्व धावक मिल्खा सिंह के बाद उषा एसजेएफआई और डीएसजेए ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार पाने वाली पांचवीं खिलाड़ी हैं. उषा ने देश के लिए 103 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते. उन्होंने एशियाई खेलों में चार स्वर्ण पदक और सात रजत पदक जीते और तीन बार ओलंपिक में प्रतिस्पर्धा की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu