सबरीमला में ‘स्पॉट’ बुकिंग नहीं होगी, सभी श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे : मंत्री वासावन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 13 Oct 2024 09:03 PM
सबरीमला में ‘स्पॉट’ बुकिंग नहीं होगी, सभी श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे : मंत्री वासावन
ऑडियो सुनें

तिरुवनंतपुरम. केरल के देवस्वोम मंत्री वी.एन. वासावन ने रविवार को स्पष्ट किया कि सबरीमला में ‘स्पॉट’ (मौके पर) बुकिंग नहीं होगी लेकिन साथ ही आश्वस्त किया कि वार्षिक मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा के दौरान भगवान अयप्पा मंदिर आने वाला कोई भी श्रद्धालु दर्शन से वंचित नहीं रहेगा.

यह आश्वासन तब दिया गया है जब एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी वार्षिक तीर्थाटन के दौरान सबरीमला मंदिर में केवल ‘वर्चुअल’ कतार बुकिंग प्रणाली के माध्यम से दर्शन की अनुमति देने के फैसले को लेकर आंदोलन करने की धमकी दी थी. ‘वर्चुअल’ कतार प्रणाली के तहत, तीर्थयात्री सबरीमाला मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपने दर्शन टिकट और प्रसाद ऑनलाइन बुक कर सकते हैं. ‘स्पॉट’ बुकिंग में तीर्थयात्री देवस्वोम बोर्ड द्वारा चिह्नित केंद्रों पर अपने दर्शन की बुकिंग कर सकते हैं.

विपक्षी कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) भी सरकार से ‘वर्चुअल’ कतार प्रणाली के साथ ही ‘स्पॉट’ बुकिंग बनाए रखने का अनुरोध कर रहा है. वासावन ने कहा कि सबरीमला मंदिर का प्रबंधन करने वाली शीर्ष संस्था त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड (टीडीबी) के अध्यक्ष ने हाल ही में आश्वासन दिया था कि मंदिर में आने वाले सभी तीर्थयात्री भगवान अयप्पा के दर्शन कर सकेंगे.

उन्होंने यह भी कहा कि सबरीमला में ‘स्पॉट’ बुकिंग की अनुमति नहीं होगी लेकिन मंदिर मार्ग पर प्रतीक्षालयों में तीर्थयात्रियों के लिए दर्शन का समय बुक करने के वास्ते अक्षय केंद्र बनाए जाएंगे. मंत्री ने कहा, ”इसलिए सभी रीति-रिवाज निभाने के बाद तीर्थयात्रा के लिए आने वाले किसी भी श्रद्धालु को दर्शन के अवसर से वंचित नहीं किया जाएगा.” उन्होंने कहा कि सरकार और टीडीबी ने सभी श्रद्धालुओं के लिए सुचारू एवं सुरक्षित तीर्थयात्रा सुनिश्चित करने के वास्ते हर दिन दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 80,000 तक तय की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu