
औरंगाबाद/भभुआ. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि इस लोकसभा चुनाव में मुकाबला थोड़ी गर्मी बढ़ते ही विदेश में छुट्टियां मनाने के लिए चले जाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सरहद पर तैनात जवानों के साथ दिवाली मनाने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच है.
शाह ने रविवार को बिहार के काराकाट संसदीय क्षेत्र से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा तथा सासाराम संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शिवेश राम के पक्ष में अलग-अलग चुनावी सभाओं को संबोधित किया .
काराकाट संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले औरंगाबाद जिले के नीमा खेल मैदान में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ”कल छह चरण के चुनाव समाप्त हो गये. मेरे पास पांचवें चरण की रिपोर्ट है. पांच चरणों में ही मोदी जी 310 सीट जीत चुके हैं. यह छठा और सातवां चरण 400 सीट का आंकड़ा पार कराने का है.” उन्होंने कहा कि ”चांदी के चम्मच” के साथ पैदा हुए राहुल गांधी के मुकाबले ”अति पिछड़ा परिवार” से आने वाले मोदी ने शीर्ष पद तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है और उन्हें एक वक्त अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चाय भी बेचनी पड़ी थी.
शाह ने कहा कि यह मुकाबला थोड़ी गर्मी बढ़ते ही विदेश में छुट्टियां मनाने के लिए जाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सरहद की सुरक्षा में तैनात जवानों के साथ मिठाई खाने वाले नरेन्द्र मोदी के बीच है. उन्होंने कहा कि मोदी 23 साल तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रहे हैं,लेकिन वह दीपावली तक की छुट्टी नहीं लेते हैं.
पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस पर ”पाकिस्तान के परमाणु बमों से डरने” का आरोप लगाते हुए कहा, ”कांग्रेस कहती है कि पाकिस्तान के पास एटम बम है, उससे पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (पीओके) मत मांगो. मैं आज यहां से कहना चाहता हूं कि पीओके भारत का है, रहेगा और हम उसको लेकर रहेंगे.” शाह ने विपक्ष दलों द्वारा शासित राज्यों सरकारों पर अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के आरक्षण में कटौती कर ”मुसलमानों को” आरक्षण प्रदान करने का आरोप लगाया और कहा कि मोदी ने इसे खत्म करने का संकल्प लिया है.
उन्होंने विपक्षी दलों पर यह भी आरोप लगाया कि वे अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का विरोध कर रहे थे. राजग उम्मीदवार उपेन्द्र कुशवाहा का काराकाट में मुख्य रूप से मुकाबला भाकपा माले के प्रत्याशी से है . शाह ने कहा, ”यह पूरा क्षेत्र एक जमाने में नक्सलवाद से त्रस्त था. नरेन्द्र मोदी जी ने झारखंड, बिहार, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश से नक्सलवाद को समाप्त करने का काम किया है.” उन्होंने लोगों को उस नक्सली हिंसा की याद दिलाई जो कुछ दशक पहले बिहार को सुर्खियों में रखती थी और आगाह किया कि वामपंथी पार्टी की जीत से ऐसी घटनाएं दोहरायी जा सकती हैं.
सासाराम संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले कैमूर जिले के जगजीवन स्टेडियाम में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ”ये भूमि बाबू जगजीवन राम और कर्पूरी ठाकुर की भूमि है जिन्होंने पिछड़े, दलित, शोषित, वंचित, आदिवासी, महिलाओं और किसानों के विकास की नींव रखी. लालू जी सामाजिक न्याय की बात करते हैं पर कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देने की सिफारिश इन्होंने नहीं की .” गृह मंत्री ने कहा, ह्लमुझे आज कहते हुए गर्व हो रहा है कि नरेन्द्र मोदी जी ने कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न देकर सभी पिछड़ों का सम्मान करने का काम किया.” उन्होंने कहा कि अपने बेटे को मुख्यमंत्री बनाने के लिए लालू ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल होकर ऐसी पार्टी की शरण में गए हैं, ह्लजो पिछड़ा विरोधी” है.
शाह ने आरोप लगाया, ”कांग्रेस ने हमेशा पिछड़े और अति पिछड़े समाज का विरोध किया है. सबसे पहले इन्होंने काका कालेलकर आयोग की रिपोर्ट को दबाकर पिछड़ों के आरक्षण में अड़चनें खड़ी कीं. फिर जब मंडल आयोग आया, उसको रोकने का काम भी कांग्रेस ने किया.” उन्होंने दावा किया, ह्ल जब मंडल आयोग की रिपोर्ट स्वीकार की गई, तब राहुल बाबा के पिताजी राजीव गांधी ने इसका डटकर विरोध किया था जबकि हमारे नेता नरेन्द्र मोदी जी ने पिछड़ा वर्ग आयोग बनाकर पिछड़े समाज को संवैधानिक सम्मान देने का काम किया.” उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, उस समय दलित कल्याण के लिए उनका बजट मात्र 41 हजार करोड़ रुपये था जिसे बढ़ाकर एक लाख 65 हजार करोड़ रुपये करने का काम मोदी सरकार ने किया है.



