गढ़चिरौली में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 May 2024 06:56 PM
गढ़चिरौली में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर
ऑडियो सुनें

गढ़चिरौली. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गये जिनमें दो महिलाएं हैं. यह जानकारी पुलिस ने दी. पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल ने कहा कि एक खुफिया सूचना प्राप्त हुई थी कि नक्सलियों के पेरीमिली दलम के कुछ सदस्य अपने ‘टैक्टिकल काउंटर ऑफेंसिव कैंपेन’ (टीसीओसी) अवधि के दौरान साजिश को अंजाम देने के उद्देश्य से भामरागढ़ तालुका के कटरांगट्टा गांव के पास एक जंगल में जमा हुए हैं.

उन्होंने कहा कि गढ़चिरौली पुलिस की, एक विशेष दस्ते सी-60 कमांडो की दो इकाइयों को तुरंत इलाके में तलाशी अभियान के लिए भेजा गया. अधिकारी ने बताया कि जब दल तलाशी अभियान चला रहे थे, उसी समय नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसका सी-60 र्किमयों ने जवाब दिया.

उन्होंने बताया कि गोलीबारी रुकने के बाद घटनास्थल से एक पुरुष और दो महिला नक्सलियों के शव बरामद किये गये. अधिकारी ने बताया कि उनमें से एक की पहचान वासु के रूप में हुई है, जो पेरीमिली दलम प्रभारी एवं स्वयंभू कमांडर था. उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एक एके-47 राइफल, एक कार्बाइन, एक इंसास राइफल, नक्सली साहित्य और सामान भी मिले. पुलिस ने बताया कि इलाके में नक्सल रोधी अभियान जारी है. नक्सली सुरक्षा बलों पर बड़े हमले करने के लिए मार्च-जून तक टीसीओसी संचालित करते हैं क्योंकि जंगल में हरियाली में कमी आने से चलते दृश्यता बढ़ जाती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu