सक्ति: मानसिक रूप से बीमार महिला से दुष्कर्म करने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

जांजगीर. छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में मानसिक रूप से बीमार एक महिला के साथ उसके तीन रिश्तेदारों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि घटना सोमवार को डभरा पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव की है और मंगलवार को घटना के बारे में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

अधिकारी ने बताया कि शराब के नशे में धुत आरोपी महिला को एक सुनसान घर में ले गए और कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया. घर के बाहर खेल रहे कुछ बच्चों को अंदर कुछ संदिग्ध गतिविधि का आभास हुआ तो उन्होंने गांव वालों को इसकी सूचना दी. उन्होंने बताया कि दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि तीसरे को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की.
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों द्वारा इस बारे में सूचना दिए जाने के बाद पुलिस ने दो अन्य आरोपियों का पता लगाया और पुलिस की एक टीम तुरंत गांव में भेजकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी व्यक्ति दुष्कर्म पीड़िता के रिश्तेदार हैं और उनमें से दो कथित तौर पर देशी शराब की अवैध बिक्री में संलिप्त हैं. अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button