तृणमूल उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा, कीर्ति आजाद ने जीत हासिल की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 08:33 PM
तृणमूल उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा, कीर्ति आजाद ने जीत हासिल की
ऑडियो सुनें

कोलकाता/नयी दिल्ली. अभिनेता से नेता बने शत्रुघ्न सिन्हा ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से जीत हासिल की. ??निर्वाचन आयोग ने यह जानकारी दी. तृणमूल कांग्रेस के नेता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एस एस अहलूवालिया को 59,564 मतों के अंतर से हराया. सिन्हा को 6,05,645 वोट मिले, जबकि अहलूवालिया को 5,46,081 वोट मिले.

क्रिकेटर से नेता बने कीर्ति आजाद ने बर्धमान-दुर्गापुर लोकसभा सीट से अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के दिलीप घोष को 1,37,981 मतों से हराया. तृणमूल उम्मीदवार आजाद को 7,20,667 वोट मिले, जबकि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष घोष को 5,82,686 वोट मिले. सिन्हा ने संवाददाताओं से कहा, “यह ममता बनर्जी की जीत है. मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र में मुद्दों का समाधान करने की पूरी कोशिश करूंगा. मैंने पहले भी कहा था कि ममता जी बाजी पलटने वाली साबित होंगी और तृणमूल बंगाल में जीत हासिल करेगी.” मौजूदा सांसद सिन्हा ने कहा कि एग्जिट पोल “मतदाताओं को गुमराह करने के लिए गढ़े गए” थे.

विश्व कप 1983 के स्टार आजाद ने भाजपा के घोष को हराया

कपिल देव की अगुआई में 1983 में विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे पूर्व भारतीय क्रिकेटर कीर्ति आजाद ने राजनीति में जोरदार वापसी करते हुए मंगलवार को यहां 2024 लोकसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल की बर्धमान-दुर्गापुर सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता दिलीप घोष को हराया. तृणमूल कांग्रेस की ओर से मैदान पर उतरे आजाद ने मेदिनीपुर के निवर्तमान सांसद और भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष घोष को 1,37,981 मतों से हराया.

एक अन्य पूर्व क्रिकेटर और तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार गुजरात के यूसुफ पठान ने पांच बार के कांग्रेस सांसद और लोकसभा के निवर्तमान विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी पर पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट पर 85 हजार से अधिक मतों की बढ़त बना रखी है. यूसुफ जहां पहली बार राजनीति में भाग्य आजमा रहे हैं तो वहीं आजाद को राजनीति का अच्छा खासा अनुभव है और वह पहले भी सांसद रह चुके हैं.

भाला फेंक में दो बार के पैरालंपिक चैंपियन देवेंद्र झझारिया को हालांकि राजस्थान की चुरू लोकसभा सीट पर भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए कांग्रेस के राहुल कस्वान के खिलाफ 72,737 वोट से हार का सामना करना पड़ा. दिग्गज हॉकी खिलाड़ी और हॉकी इंडिया के मौजूदा अध्यक्ष दिलीप टिर्की भी बीजू जनता दल की ओर से सुंदरगढ़ सीट पर चुनाव लड़ते हुए हार की कगार पर हैं. वह भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम के खिलाफ 1,36,737 मतों से पीछे चल रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu