तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने प्रधानमंत्री के क्रिसमस संदेश पर उठाये सवाल

नयी दिल्ली. ईसाइयों पर हुए हमलों की घटनाओं के लिए सरकार की आलोचना करने में मुखर रहे तृणमूल कांग्रेस के नेता डेरेक ओ’ब्रायन ने क्रिसमस की प्रार्थना सभा में शामिल होने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर बृहस्पतिवार को निशाना साधा. प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को यहां ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्प्शन’ में क्रिसमस की प्रार्थना सभा में शामिल हुए. डेरेक ओ’ब्रायन ने ‘एक्स’ पर एक संक्षिप्त पोस्ट में क्रिसमस पर प्रधानमंत्री की एक पोस्ट का हवाला दिया और उनके क्रिसमस संदेश पर सवाल उठाया.

ओ’ब्रायन ने पोस्ट में प्रधानमंत्री की पोस्ट का हवाला देते हुए कहा, ”प्यार? शांति? करुणा? सद्भाव? सद्भावना? क्रिसमस?” मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”मैंने दिल्ली के ‘कैथेड्रल चर्च ऑफ द रिडेम्पशन’ में क्रिसमस की सुबह की प्रार्थना में हिस्सा लिया. प्रार्थना में प्रेम, शांति और करुणा का शाश्वत संदेश झलक रहा था. आशा है कि क्रिसमस की भावना हमारे समाज में सद्भाव और सामंजस्य को प्रेरित करेगी.” राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस के नेता ओ’ब्रायन ने क्रिसमस से पहले ईसाइयों पर हो रहे हमलों की खबरों को लेकर प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की बुधवार को कड़ी आलोचना की थी.

ओ’ब्रायन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में एक वीडियो साझा किया है जिसमें मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक चर्च परिसर के अंदर एक स्थानीय भाजपा पदाधिकारी को एक महिला के साथ हाथापाई करते हुए कथित तौर पर देखा जा सकता है. उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह, क्रिसमस के मौके पर इस तरह की घटनाओं पर आपकी चुप्पी बेहद चौंकाने वाली है. आप पर और आपके जैसे लोगों पर शर्म आती है.” सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में भाजपा की नगर उपाध्यक्ष अंजू भार्गव पुलिसर्किमयों की मौजूदगी में एक दृष्टिबाधित महिला पर कथित तौर पर चिल्लाती हुई दिखाई दे रही हैं.

मंगलवार को ‘द कैथोलिक बिशप कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया’ (सीबीसीआई) ने क्रिसमस के दौरान विभिन्न राज्यों में ईसाइयों पर कथित हमलों में “चिंताजनक” वृद्धि की निंदा की थी और कहा था कि इससे भारत के संविधान में निहित धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार को गंभीर नुकसान पहुंचता है.

सीबीसीआई ने एक बयान में कहा था कि मध्य प्रदेश के जबलपुर से आये एक वीडियो ने उन्हें “विशेष रूप से हैरान” कर दिया, जिसमें क्रिसमस कार्यक्रम में शामिल हुई दृष्टिबाधित महिला को भाजपा नेता अंजू भार्गव ने सार्वजनिक रूप से अपशब्द कहे और प्रताडि़त किया. कैथोलिक बिशप संगठन ने गृह मंत्री शाह से अपील की कि कानून के सख्त पालन और ईसाई समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाये, ताकि क्रिसमस का पर्व शांतिपूर्वक मनाया जा सके.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button