यदि मोदी के ध्यान का टेलीविजन प्रसारण किया जाता है तो तृणमूल निर्वाचन आयोग से करेगी शिकायत: ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 29 May 2024 08:43 PM
यदि मोदी के ध्यान का टेलीविजन प्रसारण किया जाता है तो तृणमूल निर्वाचन आयोग से करेगी शिकायत: ममता
ऑडियो सुनें

बरूईपुर. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि यदि कन्याकुमारी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ध्यान का टेलीविजन पर प्रसारण किया जाता है तो उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस निर्वाचन आयोग से शिकायत करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा करना आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन होगा.

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के अनुसार 30 मई को लोकसभा चुनाव का प्रचार अभियान समाप्त हो जाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी कन्याकुमारी के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में ‘ध्यान’ करेंगे. यह मेमोरियल स्वामी विवेकानंद के प्रति श्रद्धांजलि के तौर पर बनाया गया है. बनर्जी ने कहा, ”हम शिकायत करेंगे. वह ध्यान लगा सकते हैं, लेकिन टेलीविजन उसे नहीं दिखा सकते हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि यह ‘आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन’ होगा.

उन्होंने सवाल किया, ”क्या किसी को ध्यान लगाने के लिए कैमरे की जरूरत होती है?” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यह चुनाव प्रचार के समापन तथा चुनाव की तारीख के बीच के ‘मौन काल’ (साइलेंस पीरियड) के दौरान प्रचार करने का एक तरीका है. भाजपा नेताओं के अनुसार मोदी ध्यान मंडपम में 30 मई की शाम से एक जून शाम तक ध्यान लगायेंगे, ध्यान मंडपम ऐसा स्थल है, जिसके बारे में माना जाता है कि यहीं विवेकानंद को ‘भारत माता’ के बारे में दिव्य दृष्टि प्राप्त हुई थी. मोदी आध्यात्मिक महापुरुष विवेकानंद के बहुत बड़े प्रशंसक हैं.

जिस मैदान में मोदी ने यादवपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मंगलवार को एक चुनावी सभा को संबोधित किया था, उसी मैदान में तृणमूल सुप्रीमो ने दावा किया कि हर चुनाव में जब अंतिम चरण का मतदान होना होता है, तब वह (मोदी) उसके 48 घंटे पहले ध्यान पर चले जाते हैं. प्रधानमंत्री 2019 के प्रचार अभियान के बाद भी केदारनाथ की एक गुफा में इसी प्रकार ध्यान पर बैठ गये थे.
बनर्जी ने केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर सरकारी कंपनियों में हिस्सेदारी बेचने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”यदि वे (भाजपा वाले) इस बार सत्ता में आ गये तो कोई राजनीतिक पार्टी, चुनाव, स्वतंत्रता, धर्म, मानवता या संस्कृति नहीं होगी (बचेगी).” तृणमूल सुप्रीमो ने मोदी के इस बयान को खारिज करने की कोशिश की कि भाजपा बंगाल में सबसे अच्छा परिणाम हासिल करेगी. उन्होंने कहा, ”इसका मतलब है कि वे (चुनाव) हार गये हैं, उन्हें बंगाल में रसगुल्ला (शून्य) मिलेगा.” उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस केंद्र में सरकार गठन में ‘इंडिया’ गठबंधन को अपना ‘समर्थन’ देगी, लेकिन उन्होंने बंगाल में लोगों से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी या कांग्रेस को वोट नहीं देने की भी अपील की.

पश्चिम बंगाल में सातवें चरण में नौ लोकसभा सीट पर होने वाले मतदान से पहले बरूईपुर में चुनाव प्रचार के दैरान बनर्जी ने कहा, ”इससे (माकपा या कांग्रेस को वोट देने से) भाजपा को मदद मिलेगी.” पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीट हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, ”यदि मैं कांग्रेस से बाहर आकर तृणमूल कांग्रेस नहीं बनाई होती तो आज भी हम बंगाल में माकपा को हरा नहीं पाते.” उन्होंने कहा कि बंगाल से माकपा की सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए वह 34 सालों तक उसके खिलाफ लड़ती रहीं. उन्होंने कहा, ”यदि हम वह हासिल कर पाये तो हम भाजपा को भी हरा सकते हैं और हम ऐसा करके रहेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu