जम्मू कश्मीर में चेकपोस्ट पार करने पर सेना की गोलीबारी में ट्रक चालक की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Feb 2025 09:21 PM
जम्मू कश्मीर में चेकपोस्ट पार करने पर सेना की गोलीबारी में ट्रक चालक की मौत
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. जम्मू कश्मीर के बारामूला जिले में एक ट्रक चालक की सेना की गोलीबारी में मौत हो गई. आरोप है कि ट्रक चालक ने बार-बार चेतावनी के बावजूद अपना वाहन रोकने से इनकार कर दिया और चेकपोस्ट पार करने की कोशिश की. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इलाके में आतंकवादियों की गतिविधि के बारे में सूचना मिलने के बाद बुधवार को संग्रामा चौक पर चेकपोस्ट स्थापित किया गया था.

सेना की चिनार कोर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”आतंकवादियों की गतिविधि के बारे में एक विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर पांच फरवरी, 2025 को सुरक्षा बलों द्वारा एक मोबाइल वाहन चेकपोस्ट (एमवीसीपी) स्थापित किया गया था. एक संदिग्ध असैन्य ट्रक को तेज गति से आते देखा गया. बार-बार चेतावनी के बावजूद ट्रक नहीं रुका, बल्कि चेकपोस्ट को पार करते समय चालक ने उसकी गति और बढ.ा दी.” पोस्ट में कहा गया है, ”सतर्क सैनिकों ने 23 किलोमीटर से अधिक समय तक वाहन का पीछा किया. टायरों को निशाना बनाकर गोलियां चलाई गईं, जिससे वाहन संग्रामा चौक पर रुक गया.”

पोस्ट के अनुसार, ”विस्तृत तलाशी के बाद घायल चालक को सुरक्षा बल तुरंत सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) बारामुला ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया.” सेना ने कहा कि सामान से लदे ट्रक को निकट के थाने में भेज दिया गया है. पोस्ट में कहा गया है, ”पुलिस के कब्जे में लिए गए ट्रक की विस्तृत तलाशी जारी है और संदिग्ध के पिछले रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu