ट्रंप ने नौंवी बार किया मध्यस्थता का दावा, प्रधानमंत्री चुप्पी साधे हुए हैं: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 13 Jun 2025 08:43 PM
ट्रंप ने नौंवी बार किया मध्यस्थता का दावा, प्रधानमंत्री चुप्पी साधे हुए हैं: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक ताजा बयान का हवाला देते हुए शुक्रवार को कहा कि ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाने का दावा नौंवी बार किया है , लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस पर ” चुप्पी साधे हुए हैं. ” पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘ एक्स ‘ पर ट्रंप की टिप्पणी का एक वीडियो क्लिप साझा किया जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपना यह दावा दोहराया कि उन्होंने ” भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाया ” और इसे ” व्यापार का हवाला देकर रोका. ”

रमेश ने कहा , ” जहां हमारा देश अहमदाबाद विमान हादसे पर शोक में डूबा हुआ है, वहीं राष्ट्रपति ट्रंप लगातार नौवीं बार भारत और पाकिस्तान को लेकर अपने दावे कर रहे हैं. यह कल वाशिंगटन डीसी के कैनेडी सेंटर में उनका बयान था. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इन दावों पर चुप्पी साधे हुए हैं.” बीते 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे. भारतीय सशस्त्र बलों ने छह मई की देर रात को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के कई आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था.

इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य संघर्ष हुआ और 10 मई को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ‘संघर्षविराम’ की घोषणा की. हालांकि भारत ने स्पष्ट किया कि किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता नहीं थी और पाकिस्तान के सैन्य अभियान महानिदेशक (डीजीएमओ) द्वारा अनुरोध किये जाने के बाद सैन्य कार्रवाई रोकी गई है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu