ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में फंसी सुनीता विलियम्स के घने बालों की प्रशंसा की

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 07 Mar 2025 01:52 PM
ट्रंप ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में फंसी सुनीता विलियम्स के घने बालों की प्रशंसा की
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नासा की भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स के घने बालों की सराहना की और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे दो अंतरिक्ष यात्रियों को संदेश दिया कि उन्हें जल्द धरती पर वापस लाया जाएगा।

ट्रंप (78) ने अंतरिक्ष स्टेशन में फंसे बुच विल्मोर और विलियम्स को पृथ्वी पर वापस लाने में मदद करने के लिए व्यक्तिगत रूप से एक बचाव दल को कक्षा में भेजने की संभावना का जिक्र किया और आठ दिन के मिशन के नौ महीने तक जारी रहने के लिए पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन की आलोचना की।

ट्रंप ने ओवल आॅफिस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘बाइडन ने उन्हें वहीं फंसा छोड़ दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ हमारे दो अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में फंसे हुए हैं। मैंने एलन (मस्क) से कहा, ‘मेरा एक काम करो। क्या तुम उन्हें बाहर निकाल कर ला सकते हो?’ उन्होंने कहा ‘हां’। वह वहां जाने की तैयारी कर रहे हैं, मुझे लगता है कि दो सप्ताह में।’’

ट्रंप ने कहा कि मस्क अभी एक यान तैयार कर रहे हैं जो ऊपर जाएगा और उन्हें वहां से ले जाएगा।
ट्रंप ने ओवल आॅफिस में विलियम्स पर कहा,‘‘ उस महिला के बाल बेहद घने है,अच्छे हैं और मजबूत हैं। ये मजाक नहीं है।’’

उन्होंने ये बात नौ महीनों से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर फंसे विलियम्स और विल्मोर के बारे में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कही। ट्रंप ने बाइडन को ‘‘ देश के इतिहास का सबसे अक्षम राष्ट्रपति’’ करार दते हुए कहा ‘‘ उन्होंने आपके साथ ऐसा होने दिया, लेकिन यह राष्ट्रपति ऐसा नहीं होने देगा।’’

ट्रंप ने कहा, ‘‘उन्हें वहीं छोड़ दिया गया है। मुझे उम्मीद है कि वे एक-दूसरे को पसंद करते होंगे या शायद वे एक-दूसरे से प्यार करते होंगे, मुझे नहीं पता, लेकिन उन्हें वहीं छोड़ दिया गया है। इस बारे में सोचें। वहां भी खतरा है। वहां कुछ विफलताएं हो सकती हैं। यह बहुत बुरा होगा। उन्हें बाहर निकालना ही होगा।’’

वहीं मस्क ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ‘‘अंतरिक्ष यात्री वहां केवल आठ दिन के लिए गए थे लेकिन वे वहां आठ महीने से हैं।” उन्होंने कहा, ‘‘ स्पेसएक्स छह महीने पहले एक और यान भेजकर उन्हें वापस ला सकता था, लेकिन बाइडन व्हाइट हाउस ने इसकी अनुमति देने से इनकार कर दिया(नासा ने नहीं)। राष्ट्रपति ट्रंप ने उन्हें जल्द से जल्द वापस लाने के लिए कहा और हम ऐसा कर रहे हैं।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital