ट्रंप की ‘अराजकता, प्रतिशोध और नाटक’ अमेरिका के लिए घातक : निक्की हेली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Oct 2023 08:52 PM
ट्रंप की ‘अराजकता, प्रतिशोध और नाटक’ अमेरिका के लिए घातक : निक्की हेली
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल निक्की हेली ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगर 2024 के चुनाव में जीत जाते हैं, तो इसके परिणाम ”चार वर्ष की अराजकता, प्रतिशोध और नाटक” के तौर पर सामने आएंगे, जो अमेरिका के लिए घातक सबित होंगे.

हेली (51) ने कहा कि अमेरिका को एक ऐसे नेता की जरूरत है, जो देश को आगे ले जाए, न कि उसकी नैया डुबो दे. उन्होंने लास वेगास में शनिवार को ‘ज्यूइश रिपब्लिकन’ के एक प्रभावशाली समूह के समक्ष अपने संबोधन में पार्टी के वरिष्ठ नेता ट्रंप की जमकर आलोचना की.

हेली ने हालांकि इजराइल के पक्ष वाली नीतियों का श्रेय ट्रंप को दिया, लेकिन साथ ही पूछा कि ”सवाल यह है कि वह भविष्य के लिए क्या करेंगे.” हेली ने ‘ रिपब्लिकन ज्यूइश कोलीशन’ के समक्ष अपने संबोधन में कहा, ”इतिहास में यह बात दर्ज होगी कि ट्रंप इजराइल का समर्थन करने वाले राष्ट्रपति थे. ईरान के साथ हुए समझौते से बाहर आना जरूरी था. यरूशलम को इजराइल की राजधानी के तौर पर मान्यता देना गलत था, जिसे सही किया गया….”

उन्होंने कहा, ”ट्रंप जिस श्रेय के हकदार हैं, उन्हें उसका श्रेय देकर मुझे प्रसन्नता महसूस हो रही है और मुझे भी उन प्रयासों में भूमिका निभाकर सम्मानित महसूस हुआ.” इस वर्ष यहूदियों का सम्मेलन ऐसे वक्त में हुआ, जब इजराइल पर सात अक्टूबर को फलस्तीन के आतंकवादी गुट हमास ने हमला किया है.

हेली ने कहा, ”लेकिन अमेरिकी होने के नाते हमें एक अहम प्रश्न पूछने की जरूरत है. हम सब जानते हैं कि ट्रंप ने अतीत में क्या किया. प्रश्न यह है कि वह भविष्य में क्या करेंगे? हम अपने वक्त के सबसे भयावह काल में जी रहे हैं. ” दक्षिण कैरोलाइना की पूर्व गवर्नर और ट्रंप प्रशासन में संयुक्त राष्ट्र की राजदूत रहीं हेली ने इजराइल और हमास तथा यूक्रेन युद्ध और इसके अलावा दुनिया के अन्य हिस्सों में हो रही हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में आग लगी है.

हेली ने कहा कि एक सैनिक की पत्नी और दो बच्चों की मां होने के नाते उनके लिए युद्ध रोकने, शांति बनाए रखने और अमेरिकी लोगों की रक्षा करने से ज्यादा कुछ भी मायने नहीं रखता. उन्होंने कहा, ” इससे पहले कि ज्यादा देर हो जाए हमें अपनी आजादी की रक्षा करनी चाहिए….” हेली ने कहा, ”आठ वर्ष पहले ऐसा नेता होना अच्छा था, जो लीक से हटकर काम करता हो, लेकिन अब हमें ऐसा नेता चाहिए, जिसे चीजें सुधारना भी आता हो.” उन्होंने कहा कि अमेरिका को ”एक ऐसे कैप्टन की जरूरत है, जो नैया पार लगाए न कि उसे डुबो दे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu