ठाणे में भूस्खलन के बाद ऑटो-रिक्शा पर बड़ा पत्थर गिरने से दो लोगों की मौत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 12 Jun 2024 02:15 PM
ठाणे में भूस्खलन के बाद ऑटो-रिक्शा पर बड़ा पत्थर गिरने से दो लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मालशेज घाट पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के बाद एक बड़ा पत्थर ऑटो-रिक्शा पर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की और एक बच्चे की मौत हो गई। हादसे में एक महिला घायल हुई है। एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह घटना मंगलवार शाम कल्याण-अहमदनगर राजमार्ग पर हुई जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ। टोकावडे थाने के निरीक्षक दिनकर चकोर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एक परिवार के पांच सदस्य ऑटो-रिक्शा में पड़ोसी मुंबई के मुलुंड से अहमदनगर जिले के संगमनेर जा रहे थे। तभी 15-20 किलोग्राम का एक पत्थर वाहन पर गिर गया।

पड़ोसी पुणे जिले के ओतूर थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक लाहू ताथे ने बताया कि राहुल बबन भालेराव (30) और उनके भतीजे स्वयं सचिन भालेराव (7) की हादसे में मौत हो गई।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि हादसे में 55 वर्षीय एक महिला को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस तथा बचाव दल मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लिया। उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा दिया गया है।

ताथे ने बताया कि ओतूर थाने में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया। उसे बाद में मुर्बाद के टोकावडे थाने स्थानांतरित कर दिया जाएगा, क्योंकि घटना उसके अधिकार क्षेत्र में हुई है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav