अवैध धर्मांतरण के प्रयास के आरोप में पादरी समेत दो लोग गिरफ्तार

कानपुर. उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के एक गिरजाघर में प्रार्थना सभा के दौरान अवैध धर्मांतरण के कथित प्रयास के लिए एक पादरी और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. इस घटना के बाद हिंदू संगठनों के सदस्यों ने विरोध प्रदर्शन किया.

पुलिस के मुताबिक, राधा नगर थानाक्षेत्र के देवीगंज इलाके स्थित एक गिरजाघर के अंदर रविवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन किए जाने के बाद पादरी डेविड ग्लैडियन (60) और उनके बेटे अभिषेक ग्लैडियन (30) को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि हिंदू महिलाओं को रुपये, नौकरी और बच्चों की मुफ्त शिक्षा का लालच देकर गिरजाघर में लाया जा रहा था. प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि घटना के समय गिरजाघर के अंदर बड़ी संख्या में महिलाओं सहित लगभग 150 लोग मौजूद थे.

पुलिस के मुताबिक, मामले की सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) वीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और व्यवस्था बहाल की. पुलिस ने बताया कि पादरी को हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन को घेर लिया, जिससे तनाव बढ़ गया. राधा नगर थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विनोद कुमार मौर्य ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि स्थानीय निवासी देव प्रकाश पासवान की शिकायत पर उत्तर प्रदेश धर्म संपरिवर्तन निषेध अधिनियम के तहत पादरी, उसके बेटे और सात अज्ञात व्यक्तियों सहित 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

पासवान ने शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें और अन्य लोगों को रविवार को गिरजाघर में बुलाया गया था, जहां प्रार्थना हो रही थी.
उन्होंने दावा किया कि हिंदू धर्म की मान्यताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की गईं और उपस्थित लोगों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला गया, जिसके लिए 1,100 रुपये, रोजगार के अवसर और बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा का लालच दिया गया. सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “कुछ महिलाएं गिरजाघर आई थीं और उनके आने के उद्देश्य की जांच की जा रही है.” उन्होंने बताया कि जांच जारी है और सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई और लगभग तीन घंटे के विरोध प्रदर्शन के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button