
उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) के कक्षा 10 और कक्षा 12 के नतीजे शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने घोषित कर दिए हैं। 10वीं में रामनगर के एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोयल ने 500 में से 491 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में प्रथम स्थान पाया है। वहीं, इंटरमीडिएट में गीतका पंत और सुशीला मेहंदीरत्ता ने 490 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। विद्यार्थी अमर उजाला की वेबसाइट पर जाकर बिना किसी परेशानी के अपना परीक्षा परिणाम चेक कर सकते हैं।
इंटर में 85.11% बच्चे पास
उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का कुल परिणाम 85.11% रहा, जिसमें बालिकाओं ने 88.09% पास प्रतिशत के साथ बढ़त बनाई, जबकि बालकों का पास प्रतिशत 81.93% दर्ज किया गया। श्रेणीवार आंकड़ों के अनुसार 7,814 परीक्षार्थी (7.77%) सम्मान सहित उत्तीर्ण हुए। वहीं 41,507 (41.32%) प्रथम श्रेणी, 34,987 (34.82%) द्वितीय श्रेणी और 330 (0.32%) तृतीय श्रेणी में सफल घोषित किए गए।
गीतिका का सफर प्रेरणादायक
गीतिका पंत ने हाईस्कूल में प्रदेश की मेरिट सूची में 10वां स्थान प्राप्त किया था, जिसे सुधारते हुए अब उन्होंने इंटरमीडिएट में प्रथम स्थान हासिल कर प्रदेश टॉप किया है। 10वीं के 10वें पायदान से 12वीं में शिखर तक का उनका यह सफर अन्य बच्चों के लिए काफी प्रेरणादायक हैं।
12वीं में इन विद्यार्थियों का रहा दबदबा
उत्तराखंड बोर्ड 10वीं और 12वीं रिजल्ट 2026 में इस वर्ष बारहवीं कक्षा में गीतिका पंत (बागेश्वर) तथा सुशीला मेहंदीरत्ता (उधम सिंह नगर) ने 98.00% (490/500) अंकों के साथ संयुक्त रूप से सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। वहीं, दूसर नंबर पर आर्यन ने 97.80% (489/500) अंक प्राप्त किए। वहीं, तृतीय स्थान पर वंशिका ने 97.00% (485/500) अंक प्राप्त किए।



