केंद्रीय मंत्रिमंडल ने स्वायत्त संस्था ‘मेरा युवा भारत’ के गठन को मंजूरी दी

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को स्वायत्त इकाई ‘मेरा युवा भारत’ (माई भारत) की स्थापना को मंजूरी दे दी जो युवाओं के विकास और युवा नीत विकास के लिए प्रौद्योगिकी आधारित प्रणाली के रूप में काम करेगी. केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने यह जानकारी दी. यह संस्था युवाओं को उनकी आकांक्षाओं को साकार करने और एक विकसित भारत के निर्माण के लिए संपूर्ण सरकार में समान स्तर पर पहुंच प्रदान करेगी.

ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा लिये गये फैसलों के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ का प्राथमिक उद्देश्य इसे ‘युवाओं के विकास के लिए पूरी सरकार का मंच’ बनाना है. उन्होंने कहा कि इस इकाई को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को राष्ट्र को सर्मिपत किया जाएगा.

ठाकुर ने कहा कि नयी व्यवस्था के तहत युवा, संसाधनों तक पहुंच और अवसरों से जुड़ाव के साथ, परिवर्तन के दूत और राष्ट्र निर्माता बन जाएंगे और सरकार तथा नागरिकों के बीच सेतु के रूप में कार्य कर सकेंगे. मंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं की अपार ऊर्जा का उपयोग करना है, इससे अमृत काल के दौरान ‘कर्तव्य बोध’ और ‘सेवा बोध’ के माध्यम से युवाओं के नेतृत्व वाले विकास को प्राप्त करने में मदद मिलेगी. उन्होंने कहा कि यह मंच राष्ट्रीय युवा नीति में ‘युवा’ की परिभाषा के अनुरूप 15-29 वर्ष के आयु वर्ग के युवाओं को लाभान्वित करेगा और विभिन्न सरकारी पहलों में उनकी स्वैच्छिक भागीदारी में मदद करेगा.

Related Articles

Back to top button