
नयी दिल्ली/उन्नाव. उच्चतम न्यायालय ने दिल्ली उच्च न्यायालय के उस आदेश पर सोमवार को रोक लगा दी, जिसमें 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित नेता कुलदीप सिंह सेंगर की उम्रकैद की सजा को निलंबित कर दिया गया था. शीर्ष अदालत ने इसके साथ ही कहा कि सेंगर को रिहा नहीं किया जाएगा.
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जे. के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की एक अवकाशकालीन पीठ सीबीआई की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती दी गई थी. शीर्ष अदालत ने कहा कि इस मामले में कानून से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न सामने आए हैं, जिनपर विचार किया जाना आवश्यक है. उच्चतम न्यायालय ने सीबीआई की याचिका पर सेंगर को नोटिस भी जारी किया और उससे चार सप्ताह के भीतर अपना जवाब दाखिल करने को कहा.
पीठ ने कहा कि वह इस तथ्य से अवगत है कि सामान्यत? जब किसी दोषी या विचाराधीन कैदी को निचली अदालत या उच्च न्यायालय के आदेश के तहत जमानत पर रिहा किया जाता है, तो संबंधित व्यक्ति को सुने बिना उस आदेश पर उसके द्वारा रोक नहीं लगायी जाएगी. पीठ ने यह भी कहा कि सेंगर को एक अन्य मामले में भी दोषी ठहराया गया है और उस मामले में वह अब भी हिरासत में है.
पीठ ने कहा, ”मामले की विशेष परिस्थितियों को देखते हुए हम उच्च न्यायालय द्वारा 23 दिसंबर, 2025 को पारित आदेश के क्रियान्वयन पर रोक लगाते हैं. परिणामस्वरूप, प्रतिवादी (सेंगर) को उक्त आदेश के आधार पर हिरासत से रिहा नहीं किया जाएगा.” शीर्ष अदालत ने कहा कि इस मामले में उसके विचार के लिए कानून से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न उत्पन्न हुए हैं. सीबीआई की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने पीठ से उच्च न्यायालय के आदेश पर यह कहते हुए रोक लगाने का आग्रह किया कि यह एक नाबालिग बच्ची के साथ “भयावह बलात्कार” की एक घटना थी.
शीर्ष विधि अधिकारी ने कहा, ”यह ऐसा अवसर है जब मैं आप न्यायाधीशों से इस आदेश को स्थगित करने का आग्रह करता हूं. हम उस बच्ची के प्रति जवाबदेह हैं, जिसकी आयु 15 वर्ष और 10 माह थी.” उन्होंने ‘लोक सेवक’ के पहलू का भी उल्लेख किया और कहा कि संबंधित समय पर सेंगर उस क्षेत्र के एक अत्यंत प्रभावशाली विधायक थे.
दिल्ली उच्च न्यायालय ने 23 दिसंबर के अपने आदेश में कहा था कि सेंगर को पॉक्सो कानून की धारा 5(सी) के तहत दोषी ठहराया गया है, लेकिन एक निर्वाचित प्रतिनिधि भारतीय दंड संहिता की धारा 21 के तहत ”लोक सेवक” की परिभाषा में फिट नहीं बैठता.
प्रधान न्यायाधीश ने पूछा, ”क्या आपकी दलील यह है कि जब पीडि़ता नाबालिग हो तो ‘लोक सेवक’ होने की अवधारणा पूरी तरह से अप्रासंगिक है?” मेहता ने सकारात्मक उत्तर देते हुए कहा कि ‘लोक सेवक’ की परिभाषा यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) अधिनियम में नहीं दी गई है.
उन्होंने पॉक्सो अधिनियम की धारा 42ए का भी उल्लेख किया, जिसमें कहा गया है कि इस कानून के प्रावधान किसी भी अन्य लागू कानून के प्रावधानों के अतिरिक्त होंगे, उन्हें कमजोर या कमतर नहीं करेंगे और यदि कोई विरोधाभास हो, तो पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों को सर्वोच्च प्रभाव प्राप्त होगा.
वरिष्ठ अधिवक्ता एन. हरिहरन, अन्य वकीलों के साथ, सेंगर की ओर से पेश हुए और उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगाने की सीबीआई की याचिका का विरोध किया. पीठ ने कहा, ”हम केवल यह कह रहे हैं कि इस मामले पर विचार करने की आवश्यकता है.” उसने कहा कि सेंगर के वकीलों द्वारा प्रस्तुत दलीलों में भी दम है और उनका गहन रूप से विचार किया जाना चाहिए.
शीर्ष अदालत ने कहा कि अदालत केवल इस बात को लेकर चिंतित थी कि अगर इस व्याख्या को सही माना गया, तो एक कांस्टेबल या ‘पटवारी’ जैसे व्यक्ति को ऐसे अपराध को लेकर एक ‘लोक सेवक’ माना जाएगा, जबकि संसद सदस्य या राज्य विधानसभा के निर्वाचित सदस्य इससे मुक्त रह सकते हैं. पीठ ने कहा, ”ये न्यायाधीश हमारे देश के बेहतरीन न्यायाधीशों में से हैं.” उसने कहा, ”इसमें बहुत ही गहन विश्लेषण किया गया हैङ्घ लेकिन साथ ही, हम सभी गलतियां कर सकते हैं.” पीठ ने यह भी कहा कि पीडि़ता को उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ अलग से विशेष अनुमति याचिका दायर करने का कानूनी अधिकार है.
हरिहरन ने उच्च न्यायालय के आदेश के लिए न्यायाधीशों को निशाना बनाने के मुद्दे को उठाया और कहा कि लोगों को न्यायाधीशों के खिलाफ बयानबाजी या आरोप लगाने से बचना चाहिए. उन्होंने कहा, “वे इसे राष्ट्रीय टेलीविजन पर कर रहे हैं.” पीठ ने कहा, “हम इसे समझते हैं. हम समझते हैं कि लोग राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं और ऐसे लोग भी हैं जो इसका व्यक्तिगत फायदा उठाने की कोशिश कर रहे हैं.” हरिहरन ने कहा कि एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें आदेश पारित करने वाले न्यायाधीशों पर आरोप लगाए जा रहे हैं, और यह चिंता का विषय है. पीठ ने कहा कि ऐसे लोग यह भूल रहे हैं कि सेंगर को न्यायपालिका द्वारा ही दोषी ठहराया गया था.
बाद में, न्यायाधीशों के खिलाफ आरोपों के मुद्दे पर मेहता ने कहा कि दोनों उच्च न्यायालय के न्यायाधीश “प्रतिभाशाली और पूरी तरह से निष्पक्ष और ईमानदार हैं” और उन्हें बदनाम करने के किसी भी प्रयास की कड़ी निंदा की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि हमेशा कुछ ऐसे तत्व होते हैं जो ईमानदार न्यायाधीशों को डराने की कोशिश करते हैं और ऐसे ताकतों को प्रोत्साहित नहीं किया जाना चाहिए.
उच्च न्यायालय ने सेंगर की जेल की सजा को निलंबित कर दिया था. सेंगर उन्नाव बलात्कार मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था. उच्च न्यायालय ने यह कहते हुए उसे जमानत दी थी कि उसने पहले ही सात साल और पांच महीने जेल में बिता लिये हैं.
इस आदेश की कुछ वर्गों द्वारा आलोचना की गई थी और पीडि़ता, उनके परिवार और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किए थे.
सेंगर ने इस मामले में दिसंबर 2019 के निचली अदालत के फैसले को चुनौती दी थी. हालांकि, वह पीडि़ता के पिता की हिरासत में मौत मामले में भी 10 साल की सजा काट रहा था और उस मामले में उसे जमानत नहीं मिली थी.
बलात्कार मामले और अन्य संबंधित मामले उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर एक अगस्त 2019 को उत्तर प्रदेश की निचली अदालत से दिल्ली स्थानांतरित किये गए थे. पीडि़ता के पिता की हिरासत में मौत के मामले में सजा के खिलाफ सेंगर की अपील अभी लंबित है, जिसमें उसने यह दलील दी है कि उसने पहले ही जेल में पर्याप्त समय बिता लिया है. सीबीआई ने शीर्ष अदालत में अपनी याचिका में एल. के. आडवाणी मामले का हवाला दिया है, जिसमें यह माना गया कि जो कोई सार्वजनिक पद पर होता है, जैसे सांसद या विधायक, उसे एक ‘लोक सेवक’ माना जाएगा.
पीडि़ता ने कुलदीप सेंगर की सजा पर उच्चतम न्यायालय के आदेश का स्वागत किया
उन्नाव बलात्कार मामले की पीडि़ता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक कुलदीप सेंगर की आजीवन कारावास की सजा को निलंबित करने वाले दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर उच्चतम न्यायालय द्वारा रोक लगाए जाने पर सोमवार को संतोष व्यक्त किया और न्याय प्रणाली पर अपना पूरा विश्वास जताया.
पीडि़ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से फोन पर कहा, ”मैं इस फैसले से बहुत खुश हूं. मुझे उच्चतम न्यायालय से न्याय मिला है. मैं शुरू से ही न्याय के लिए आवाज उठाती रही हूं.” उन्होंने कहा, ”मैं किसी भी अदालत के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाती. मुझे सभी अदालतों पर भरोसा है, लेकिन उच्चतम न्यायालय ने मुझे न्याय दिया है और वह ऐसा करना जारी रखेगा.”
इस बीच, सेंगर की छोटी बेटी इशिता सेंगर ने ‘एक्स’ पर एक भावनात्मक पोस्ट करते हुए न्याय की अपील की. इशिता ने पोस्ट में कहा कि उनका परिवार पिछले आठ सालों से चुपचाप न्याय का इंतजार कर रहा है और उसने कानून और संस्थानों पर अपना भरोसा बनाए रखा है. उन्होंने लिखा कि उनकी पहचान सिर्फ ‘एक भाजपा विधायक की बेटी’ तक सीमित हो गई है और उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार नफरत, गाली-गलौज और धमकियों का सामना करना पड़ा है.
पोस्ट में, इशिता ने कहा, “उनका परिवार न तो कोई रियायत चाहता है और न ही सहानुभूति. बल्कि सिर्फ यह चाहता है कि कानून बिना किसी दबाव या डर के काम करे और सुबूतों की निष्पक्ष जांच हो.” इशिता की पोस्ट को उनकी बड़ी बहन ऐश्वर्या सेंगर ने भी ‘एक्स’ पर साझा किया. उन्होंने लिखा, ”हम हारेंगे नहीं, लड़ेंगे.” इस बीच, इस मामले में उच्चतम न्यायालय के आदेश को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आयी हैं.
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-माले (भाकपा एमएल) ने उच्चतम न्यायालय के फैसले को लोगों के संघर्ष की जीत बताया. वहीं उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने सेंगर के समर्थन में कथित तौर पर हुए प्रदर्शनों को लेकर भाजपा की आलोचना की. भाकपा-एमएल के प्रदेश सचिव सुधाकर यादव ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में आवाजें उठाई गईं. उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के फैसले के बाद पीडि़ता और विभिन्न महिला, छात्र और युवा संगठनों ने सड़कों पर लगातार विरोध प्रदर्शन किये.
यादव ने एक बयान में कहा, ”उच्चतम न्यायालय का आदेश इस संघर्ष की जीत है और इसने फिलहाल भाजपा सरकार की साजिशों को नाकाम कर दिया है.” इस बीच, उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करके भाजपा पर हमला किया. वीडियो में कथित तौर पर सेंगर के समर्थन में कुछ लोगों को प्रदर्शन करते देखा गया.
पार्टी ने पोस्ट में इसे ‘बेशर्मी’ बताया और कहा कि भाजपा नेताओं को एक दोषी बलात्कारी के समर्थन में सड़कों पर उतरने पर शर्म आनी चाहिए. कांग्रेस ने कहा कि उन्नाव की पीडि़ता ने न्याय के लिए लड़ते हुए अपना पूरा परिवार खो दिया तथा उसके पिता की हिरासत में मौत हो गई और दो रिश्तेदार एक दुर्घटना में मारे गये, फिर भी भाजपा समर्थक कथित तौर पर एक अपराधी के प्रभाव को बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे थे.
उन्नाव मामले में उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों पर आरोप लगाना राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास: न्यायालय
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित नेता कुलदीप सिंह सेंगर के वकीलों ने सोमवार को उच्चतम न्यायालय को अवगत कराया कि उन्नाव बलात्कार मामले में सेंगर की सजा निलंबित करने वाले दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों के खिलाफ आरोप लगाए जा रहे हैं, इसपर शीर्ष अदालत ने टिप्पणी की कि कुछ लोग “राजनीतिक लाभ” उठाने का प्रयास कर रहे हैं.
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जे.के. माहेश्वरी और न्यायमूर्ति ऑगस्टीन जॉर्ज मसीह की अवकाशकालीन पीठ ने कहा, “हम इसे समझते हैं. हम सच्चाई से अनजान नहीं हैं. हम समझते हैं कि लोग राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं.” सेंगर की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता एन. हरिहरन ने बताया कि कुछ लोग इस मामले की सुनवाई करने वाले उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों पर आरोप लगा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को न्यायाधीशों के खिलाफ बयानबाजी करने या आरोप लगाने से बचना चाहिए.
हरिहरन ने कहा, ”वे राष्ट्रीय टेलीविजन पर ऐसा कर रहे हैं.” सेंगर की ओर से पेश हुए एक अन्य वकील ने कहा कि उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों की तस्वीरें भी प्रसारित की जा रही हैं. हरिहरन ने कहा कि न्यायाधीशों पर आरोप लगाने से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है और यह चिंता का विषय है. पीठ ने कहा कि ऐसे लोग यह भूल रहे हैं कि सेंगर को न्यायपालिका ने ही दोषी ठहराया था.
पीठ ने सुनवाई के दौरान कहा, “स्पष्ट रूप से कहें तो, ये न्यायाधीश हमारे सबसे बेहतरीन न्यायाधीशों में से हैं.” बाद में, न्यायाधीशों के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों के मुद्दे पर पूछे जाने पर, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने स्पष्ट व बेबाक ढंग से कहा कि उच्च न्यायालय के दोनों न्यायाधीश “बेदाग, ईमानदार और प्रतिभाशाली” हैं और उन्हें बदनाम करने के किसी भी प्रयास की कड़ी निंदा की जानी चाहिए.
मेहता ने कहा कि वे देश के सर्वश्रेष्ठ न्यायाधीशों में शुमार हैं.उन्होंने कहा कि कुछ ऐसे तत्व हमेशा मौजूद रहते हैं, जो ईमानदार न्यायाधीशों को धमकाने का प्रयास करते हैं और ऐसी कुटिल शक्तियों को प्रोत्साहन नहीं दिया जाना चाहिए. उच्चतम न्यायालय ने 2017 के उन्नाव बलात्कार मामले में सेंगर की आजीवन कारावास की सजा को निलंबित करने वाले दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर रोक लगा दी और कहा कि उसे हिरासत से रिहा नहीं किया जाए.



