Update : पूर्व सीएम भूपेश बघेल को सुरक्षा दिलाने असम कांग्रेस सामने आई, एडीजीपी को लिखा पत्र, सिंहदेव समर्थन में उतरे, भूपेश बोले— हमें किसी का डर नहीं

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Tue, 22 Sep 2026 06:57 PM
Update : पूर्व सीएम भूपेश बघेल को सुरक्षा दिलाने असम कांग्रेस सामने आई, एडीजीपी को लिखा पत्र, सिंहदेव समर्थन में उतरे, भूपेश बोले— हमें किसी का डर नहीं

ऑडियो सुनें

नवभारत रिपोर्टर
गुवाहाटी. सोमवार को सामागुड़ी में चुनाव से जुड़ी हिंसा के बाद, असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने असम पुलिस की स्पेशल ब्रांच के एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस को औपचारिक रूप से पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के लिए सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम किए जाएं, जो अभी असम के दौरे पर हैं।

असम मामलों के प्रभारी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल मंगलवार को मोरिगांव के लाहोरीघाट में पार्टी की गतिविधियों में शामिल थे और रात गुवाहाटी में बिताएंगे। इसके बाद, 23 सितंबर को सुबह 9:00 बजे वह खानापाड़ा से मोरिगांव के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:00 बजे वह मोरिगांव जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक करेंगे। इस बीच, दोपहर 1:00 बजे बघेल जागीरोड कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक और बैठक में शामिल होंगे। पार्टी के सभी तय कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद, असम के प्रभारी और हाल ही में नियुक्त एआईसीसी महासचिव बुधवार की शाम 4:00 बजे मोरिगांव से गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और शाम 7:00 बजे हवाई जहाज से नई दिल्ली लौट आएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि ‘मैं असम के कांग्रेस के साथियों से कहना चाहता हूँ कि हम लोग गांधी जी के नेतृत्व में लड़ाई लड़े और देश को आज़ाद कराया. हम अंग्रेजों से नहीं डरे. गांधीवादी रास्ते से लड़ाई लड़ें और हमें सफलता मिली. सत्य और अहिंसा के उस रास्ते पर चलते हुए अभी राहुल जी के नेतृत्व में हम सब काम कर रहे हैं. इन ताकतों से हमें डरना नहीं है. इन ताकतों से गांधीवादी तरीके से लड़ना है और इन्हें परास्त करना है. सत्यमेव जयते!

उधर एक बयान में कांग्रेस के पूर्व उपमुख्यमंत्री और सरगुजा नरेश टी एस सिंहदेव ने असम में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के काफिले पर पत्थरों से हुए हमला को गंभीर और कायरतापूर्ण कृत्य करार दिया है।

 

 

By Navabharat News Group