जयपुर/लखनऊ/भोपाल. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामजी लाल सुमन की राजपूत योद्धा राणा सांगा पर की गई टिप्पणी को ”शर्मनाक” बताते हुए उनसे माफी मांगने की मांग की. विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता अमितोष पारीक ने कहा, ”रामजी लाल सुमन द्वारा दिया गया बयान बेहद शर्मनाक है. शायद वह मेवाड़ की वीर गाथाओं से परिचित नहीं हैं.” उन्होंने कहा, ”राणा सांगा न केवल मेवाड़ बल्कि राजस्थान का भी गौरव हैं. राणा सांगा ने 100 युद्ध जीते और इब्राहिम लोदी को हराया.”
पारीक ने बताया कि सुमन का बयान उनकी विकृत मानसिकता को दर्शाता है और उन्होंने समाजवादी पार्टी से माफी मांगने की मांग की. हाल ही में राज्यसभा सदस्य का एक कथित वीडियो सामने आया है, जिसमें वह यह कहते सुने जा रहे हैं कि राणा सांगा एक ”गद्दार” थे और इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा बाबर को लाए थे.
सुमन ने तो बस इतिहास का एक पन्ना पलटा है : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन के सदन में गद्दार वाली टिप्पणी पर पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने उनका बचाव करते हुए रविवार को कहा कि भाजपा के लोग इतिहास के पन्ने पलट कर औरंगजेब की बहस छेड़ना चाहते हैं, तो सुमन ने भी तो तारीख का एक पन्ना ही पलटा है. सुमन ने 21 मार्च को राज्यसभा में राणा सांगा को ‘गद्दार’ करार देते हुए कहा था कि हिंदू लोग सांगा की औलाद हैं. उनके इस बयान को लेकर खासा विवाद खड़ा हो गया है.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने समाजवाद के प्रणेता डॉ राम मनोहर लोहिया की जयंती के अवसर पर रविवार को यहां उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में सुमन की विवादित टिप्पणी के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा, “इतिहास के पन्ने सभी लोग पलट रहे हैं. भाजपा वालों से पूछिए कि वे इतिहास का कौन सा पन्ना पलट रहे हैं? वह किस बात पर बहस कर रहे हैं? वे औरंगजेब पर बहस छेड़ना चाहते हैं.” उन्होंने कहा, “अगर रामजीलाल सुमन जी ने इतिहास का कोई पन्ना पलट दिया है, जिस पन्ने पर अगर इस तरह के भाव लिखे होंगे. आज से 200 साल पहले हमने तो इतिहास नहीं लिखा.”
गौरतलब है कि सपा के राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन ने हाल ही में सदन को संबोधित करते हुए कहा था, “हिंदुस्तान का मुसलमान तो बाबर को अपना आदर्श नहीं मानता है. वो मोहम्मद साहब को अपना आदर्श मानता है. सूफी संतों की परंपरा को अपना आदर्श मानता है. लेकिन, मैं जानना चाहूंगा कि बाबर को कौन लाया था? बाबर को इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था. तो अगर मुसलमान बाबर की औलाद है, तो तुम (हिंदू समाज) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो. हम बाबर की तो आलोचना करते हैं. राणा सांगा की नहीं करते हैं.”
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, “भाजपा से समाजवादी पार्टी का निवेदन है कि इतिहास के पन्ने ना पलटे, क्योंकि अगर ऐसा होगा तो लोग यह भी याद करेंगे कि छत्रपति शिवाजी का जब तिलक होना था तो किसी ने हाथ से उनका तिलक नहीं किया था. सुनने में आ रहा है कि बायें पैर के अंगूठे से उनका तिलक किया गया था तो क्या भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस बात की आज निंदा करेगी?”
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “गैलीलियो ने कहा था की धरती घूम रही है और किसी का चक्कर लगा रही है. उस वक्त उसे सजा दे दी गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई थी. उसके 400 साल बाद इटली के उस चर्च ने इस बात को लेकर माफी मांगी थी. अगर भाजपा छत्रपति शिवाजी महाराज को मानती है तो जिस तरह चर्च ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी थी, क्या छत्रपति शिवाजी महाराज का बाएं पैर के अंगूठे से तिलक किये जाने के लिए वह माफी मांगेगी?”
करणी सेना ने सपा सांसद के चेहरे पर कालिख पोतने और उन्हें जूते मारने वाले को इनाम देने की घोषणा की
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में करणी सेना के सदस्यों ने रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और राजपूत योद्धा राणा सांगा पर टिप्पणी के लिये सपा सांसद रामजी लाल सुमन के मुंह पर कालिख पोतने और उन्हें जूते मारने वाले को पांच लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की.
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अगुवाई वाली सपा की प्रदेश इकाई ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के बाहर लगे पार्टी के बैनर और पोस्टर को क्षति पहुंचाई. सपा का प्रदेश कार्यालय यहां तुलसी नगर इलाके में एक सरकारी क्वार्टर में स्थित है. राज्यसभा में 21 मार्च को सुमन ने मेवाड़ के शासक राणा सांगा को ‘गद्दार’ कहा था.
यहां टीटी नगर थाने के प्रभारी सुधीर अरजरिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि करणी सेना के सदस्यों ने सपा कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पुतला जलाया. हालांकि, अरजरिया ने बैनर एवं पोस्टर को नुकसान पहुंचाये जाने के सपा के आरोपों का खंडन किया. उन्होंने कहा कि इस संक्षिप्त प्रदर्शन के सिलसिले में कोई मामला नहीं दर्ज किया गया है. सपा प्रवक्ता यश भारतीय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि शाम करीब सात बजे प्रदर्शनकारियों ने सपा कार्यालय पर हमला किया.