कक्षा में छात्र से ‘शादी’ करती महिला प्रोफेसर का वीडियो वायरल, विश्वविद्यालय ने दिए जांच के आदेश

कोलकाता. पश्चिम बंगाल के एक सरकारी विश्वविद्यालय में कक्षा में एक छात्र से ‘शादी’ करने का महिला प्रोफेसर का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है, जिसके उपरांत बुधवार को जांच के आदेश दिए गए. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. प्रोफेसर ने हालांकि दावा किया कि यह एक नाटक था जो उनके विषय की पढ़ाई का हिस्सा था. अधिकारियों ने कहा कि यह मामला नादिया जिले के हरिंगहाटा में मौलाना अबुल कलाम आजाद प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएकेएयूटी) के मनोविज्ञान विभाग का है.

वीडियो में दुल्हन की तरह सजी प्रोफेसर और प्रथम वर्ष के छात्र को कक्षा में ‘सिंदूर दान’ और ‘माला बदल’ (जयमाला) समेत हिंदू बंगाली शादी के विभिन्न रीति-रिवाज निभाते देखा जा सकता है. अधिकारियों ने बताया कि वीडियो के वायरल होने पर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद विश्वविद्यालय ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया और प्रोफेसर से स्पष्टीकरण मांगा है.

उन्होंने बताया कि प्रोफेसर ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों को बताया कि यह एक ‘साइको-ड्रामा’ था, जो उनके विषय की पढ़ाई का हिस्सा था और इसमें कुछ भी वास्तविक नहीं है. प्रोफेसर ने दावा किया कि वीडियो केवल विभाग के लिए ही रिकॉर्ड किया गया था और मनोविज्ञान विभाग की छवि को खराब करने के वास्ते इसे ‘लीक’ कर दिया गया.

अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने तक प्रोफेसर को छुट्टी पर जाने के लिए कह दिया गया है. उन्होंने बताया कि एक समिति मामले की जांच कर रही है जिसमें अन्य विभागों की तीन महिला संकाय सदस्य शामिल हैं. एमएकेएयूटी के कार्यवाहक कुलपति तापस चक्रवर्ती ने कहा, ”प्रोफेसर ने स्पष्ट किया है कि यह उनके विषय की पढ़ाई का एक हिस्सा था. वीडियो बाहरी प्रसार के लिए नहीं था.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button