मप्र चुनाव के बीच पैसे के लेनदेन का वीडियो वायरल, केंद्रीय मंत्री के बेटे ने बताया फर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Nov 2023 09:51 PM
मप्र चुनाव के बीच पैसे के लेनदेन का वीडियो वायरल, केंद्रीय मंत्री के बेटे ने बताया फर्जी
ऑडियो सुनें

मुरैना/भोपाल. मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें कथित तौर पर केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे और एक “बिचौलिए” के बीच कई करोड़ रुपये की बातचीत हो रही है. वीडियो सामने आने के बाद सोमवार को सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस को टकराव की राह पर खड़ा कर दिया.

तोमर के बेटे देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर ने वीडियो को फर्जी बताया और यहां सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज कराई है, वहीं कांग्रेस नेताओं ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच के साथ-साथ भारत के निर्वाचन आयोग से कार्रवाई की मांग की है. देवेन्द्र तोमर से जुड़े बताए जा रहे इस कथित वीडियो में कथित बिचौलिए करोड़ों रुपये की धनराशि ट्रांसफर करने के लिए चार से पांच खातों की व्यवस्था करने की बात करते सुनाई दे रहे हैं. केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर दिमनी से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं.

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) राकेश गुप्ता ने कहा, “अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 469 (प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से जालसाजी) के तहत मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है.” संयोग से, दिन के दौरान धार जिले में एक चुनावी रैली में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस मुद्दे का जिक्र किया.

उन्होंने सभा में कहा, “कल देश के कृषि मंत्री के बेटे का एक वीडियो जारी हुआ. आपने उन्हें हजारों करोड़…100 करोड़ की बात करते देखा होगा.” भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए, कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने वीडियो की जांच शुरू करने में ईडी, केंद्रीय जांच ब्यूरो और आयकर विभाग की ओर से देरी पर सवाल उठाया. श्रीनेत ने चुनाव आयोग से राज्य में विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मामले में त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया. मप्र में 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे, जबकि वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu