बहराइच में हिंसा जानबूझकर करायी गयी, बांटो और राज करो की नीति पर काम कर रही भाजपा : अखिलेश

भाजपा दंगे कराने, फूट डालने और राज करने की नीति पर काम कर रही है : संजय सिंह

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बहराइच में पिछले दिनों हुई सांप्रदायिक हिंसा को जानबूझकर करायी गयी घटना करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि ”डिवाइड एंड रूल” के आधार पर काम कर रही राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को इस बात पर दुख जाहिर करना चाहिये कि आखिर यह घटना क्यों हुई.

यादव ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं से बातचीत में बहराइच हिंसा के पांच आरोपियों को पुलिस से हुई कथित मुठभेड़ में गिरफ्तार किये जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार ने प्रदेश की पुलिस को बिगाड़ दिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस का ये तौर-तरीका बनाया गया है और जब कभी जांच होगी तो बहुत से दोषी पुलिसर्किमयों के खिलाफ कार्रवाई होगी तथा उन्हें जेल जाना पड़ेगा.

सपा नेता ने बहराइच हिंसा का जिक्र करते हुए कहा, ”पड़ोसी जिले का मामला है आप मुझसे बेहतर जानते होंगे कि यह घटना हुई नहीं है बल्कि कराई गई है.” यादव ने कहा, ”मुझे तो यहां तक सुनने में आया है कि जिस व्यक्ति ने बहराइच में जुलूस का पहला वीडियो वायरल किया उस पत्रकार के हाथ या पैर में बहुत चोटें आई हैं. भाजपा के लोगों ने उसे बहुत मारा है. अगर भाजपा के लोग पत्रकार को मार रहे हैं या उसे झूठे मुकदमे में जेल भेजवा रहे हैं तो समझ लीजिए वह क्या छिपा रहे हैं? कुछ तो छिपा रहे हैं ना?”

बहराइच जिले की महसी तहसील के महाराजगंज कस्बे में रविवार को दुर्गा पूजा पर विसर्जन जुलूस के दौरान एक प्रार्थना स्थल के बाहर कथित तौर पर तेज आवाज में संगीत बजाने को लेकर हिंसा भड़क गई थी, जिसमें राम गोपाल मिश्रा (22) की गोली लगने से मौत हो गई. इस घटना के बाद इलाके में तोड़फोड़ और आगजनी हुई. भीड़ ने मकानों, दुकानों, शोरूम, अस्पतालों और वाहनों में आग लगा दी थी. इसके बाद पुलिस ने अज्ञात दंगाइयों और कुछ नामजद आरोपियों के खिलाफ कई प्राथमिकी दर्ज की हैं.

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ”हम पीड़ितों के दुख में शामिल हो सकते हैं, मुख्यमंत्री जी मिल सकते हैं लेकिन यह घटना कराई किसने है इस पर आप लोग बेहतर जानते होंगे. यहां कोई पत्रकार ऐसा नहीं है जो यह न जानता हो कि यह घटना रोकी जा सकती थी. सरकार को इस बात पर दुख जताना चाहिए था कि यह घटना क्यों हो गई.” उन्होंने कहा, ”पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हम लोग काम करेंगे लेकिन सवाल अब भी वही है कि सरकार की नजर में भेदभाव नहीं होना चाहिए. अंग्रेजों ने कभी ”डिवाइड एंड रूल” का नारा दिया था. यह सरकार भी उसी पर काम कर रही है. यह आम लोग जानते हैं.”

भाजपा दंगे कराने, फूट डालने और राज करने की नीति पर काम कर रही है : संजय सिंह

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में हुई साम्प्रदायिक हिंसा की हालिया घटना को लेकर बृहस्पतिवार को राज्य सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ”दंगे कराने, फूट डालने और राज करने” की नीति पर काम कर रही है.

सिंह ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा, ”जब भी भाजपा चुनावी राजनीति में कमजोर पड़ती है तो वह दंगे कराती है. यहां भाजपा दंगे कराने, फूट डालने और राज करने की नीति पर चल रही है.” उन्होंने कहा, ”यह उत्तर प्रदेश में (लोकसभा चुनावों में) करारी हार के बाद उपचुनाव से पहले भाजपा की तैयारी मात्र है. मुझे लगता है कि इस राज्य के लोग और इस राज्य के युवा यह महसूस कर रहे हैं कि उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button