हम गौरवान्वित हो रहे हैं कि फिर राम युग आ रहा है: धामी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Feb 2024 07:41 PM
हम गौरवान्वित हो रहे हैं कि फिर राम युग आ रहा है: धामी
ऑडियो सुनें

अयोध्या. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन-पूजन किये और कहा कि आज हम गौरवान्वित हो रहे हैं कि फिर से राम युग शुरू हो रहा है. पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल के पांच सहयोगी- वरिष्ठ मंत्री सतपाल महाराज, रेखा आर्य, धन सिंह रावत, प्रेमचंद अग्रवाल और सुबोध उनियाल, के साथ यहां पहुंचे. इनके अलावा राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल भी मौजूद रहे.

भारतीय जनता पार्टी उप्र इकाई के मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अयोध्या में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी बेहद उत्साहित और भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आए. दीक्षित ने बताया कि अयोध्या में मर्हिष वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा में पहुंचने पर मुख्यमंत्री धामी और उनके सहयोगियों का भव्य स्वागत हुआ. इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा. यहां से वह राम जन्मभूमि के लिए रवाना हुए.

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एवं उनके सहयोगी श्री अयोध्या धाम में प्रभु राम को साष्टांग नमन कर पूजा अर्चना की. राम लला के लिए मुख्यमंत्री उपहार लेकर आए जिनको प्रभु के चरणों में सर्मिपत किया. प्रभु श्री राम लला के दर्शन के समय श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय जी, ट्रस्ट के सदस्य दिनेंद्र दास जी, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र पंकज साथ रहे.

धामी ने संवाददाताओं से कहा, ” श्रीराम का उत्तराखंड से अटूट संबंध है. सरयू नदी का उद्गम स्थल जिसके तट पर श्रीराम के पिता एवं महाराज दशरथ ने संतान प्राप्ति के लिए अनुष्ठान किया था, वह बागेश्वर जिले में है. हमारा गहरा संबंध है और उत्तराखंड के लोग हमेशा यहां आएंगे.”

पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हुए धामी ने कहा, ” लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्र रहते हुए बहुत बार अयोध्या आया और तब भगवान रामलला को टेंट में देखकर उस समय मन भावुक हो जाता था, लेकिन आज हम गौरवान्वित हो रहे हैं कि फिर से राम युग शुरू हो रहा है.” अयोध्या में उत्तराखंड सदन की स्थापना को लेकर पूछे गये एक सवाल के जवाब में उन्­होंने कहा कि उप्र सरकार से अनुरोध किया गया है और जमीन मिलने पर राज्य का एक सदन यहां पर बन जाएगा.

लोकसभा चुनाव में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के प्रभाव के बारे में पूछ जाने पर सीधा जवाब न देते हुए धामी ने कहा, ” राम यत्र, तत्र और सर्वत्र हैं.” एक आधिकारिक जानकारी में कहा गया है कि उत्तराखंड के जॉली ग्रांट हवाई अड्डे से सीधे अयोध्या पहुंचे धामी और उनके सहयोगी भगवान राम की पूजा-अर्चना करने के बाद देर शाम देहरादून लौटेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu