
नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उसने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एअर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट द्वारा कथित रूप से एक यात्री पर हमला किये जाने के सिलसिले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य प्रमाण जुटाना शुरू कर दिया है. पुलिस ने बताया कि र्टिमनल एक के सुरक्षा क्षेत्र और उसके आसपास लगे कई कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि घटना की कडि़यों को जोड़ा जा सके. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल पर मौजूद गवाहों के बयान भी जांच का हिस्सा होंगे.
अधिकारी ने कहा, “जांच अभी प्रारंभिक चरण में है. र्टिमनल से सीसीटीवी फुटेज एकत्र कर उसकी जांच की जा रही है. अन्य संबंधित सबूत भी जुटाए जाएंगे.” उन्होंने यह भी बताया कि जांच के दौरान आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा. सोमवार को पीडि़त अंकित दीवान से ईमेल के माध्यम से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 126 (गलत तरीके से रोकना) और 351 के तहत प्राथमिकी दर्ज की. पुलिस ने बताया कि शिकायत और उपलब्ध सबूतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच आगे बढ़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह मामला 19 दिसंबर को र्टिमनल एक के सुरक्षा चौकी के पास हुई एक कथित घटना से संबंधित है. शिकायतकर्ता दीवान ने दावा किया कि उस दिन एअर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने उनके साथ मारपीट की थी. सेजवाल उस समय ड्यूटी पर नहीं थे और एक यात्री के रूप में यात्रा कर रहे थे.
दीवान ने आरोप लगाया कि सुरक्षा चौकी पर कुछ कर्मचारियों द्वारा लाइन तोड़े जाने पर आपत्ति जताने के बाद कहासुनी शुरू हुई. उन्होंने दावा किया कि पायलट ने उन्हें गाली दी और फिर उन पर हमला किया, जिससे उनके शरीर से खून बहने लगा और घटना की चश्मदीद उनकी सात वर्षीय बेटी सदमे में आ गई.
बाद में एक बयान में, दीवान ने कहा कि सीटी स्कैन से उनकी बाईं नाक की हड्डी में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है और वह इस मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं. एअर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा है कि उसे अपने एक कर्मचारी से जुड़ी घटना की जानकारी है, जो घटना वाले दिन किसी अन्य एअरलाइन में यात्रा कर रहा था. आंतरिक जांच लंबित रहने तक पायलट को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी से हटा दिया गया है. मामले की जांच जारी है.
एअर इंडिया एक्सप्रेस के पायलट द्वारा पीटे गए यात्री की नाक में फ्रैक्चर, न्याय की मांग की
दिल्ली हवाई अड्डे पर एक ‘ऑफ-ड्यूटी’ एअर इंडिया एक्सप्रेस पायलट द्वारा कथित तौर पर हमला किए गए एक यात्री ने कहा है कि सीटी स्कैन से उसकी बाईं नाक की हड्डी जगह से हट जाने की पुष्टि हुई है. शिकायतकर्ता अंकित दीवान ने कहा कि वह अब इस मामले में न्याय की मांग कर रहे हैं. दीवान ने कहा कि उन्होंने दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी है और मीडिया रिपोर्टों के माध्यम से उन्हें पता चला है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है.
दीवान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”मैं फिलहाल अपनी सेहत पर ध्यान दे रहा हूं, और आज किए गए सीटी स्कैन में बाईं नाक की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है. मुझे उम्मीद है कि मुझे इस मामले में न्याय मिलेगा.” दिल्ली पुलिस ने सोमवार को बताया कि दीवान की ईमेल के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 115 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 126 (गलत तरीके से रोकना) और 351 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि जांच जारी है.
इससे पहले, पुलिस ने कहा था कि उन्हें कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली थी और उन्हें इस घटना की जानकारी तभी मिली जब दीवान की पोस्ट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सामने आई. दीवान ने आरोप लगाया कि 19 दिसंबर को हवाई अड्डे के र्टिमनल-एक के सुरक्षा क्षेत्र के पास एअर इंडिया एक्सप्रेस के कैप्टन वीरेंद्र सेजवाल ने उन पर शारीरिक हमला किया. उन्होंने दावा किया कि इस हमले के कारण उन्हें खून बहने लगा और उनकी सात वर्षीय बेटी (जिसने यह घटना देखी) सदमे में आ गई.
दीवान के अनुसार, यह विवाद तब शुरू हुआ जब उन्होंने सुरक्षा चौकी पर कथित तौर पर कतार तोड़ने वाले कुछ कर्मचारियों पर आपत्ति जताई. उन्होंने आरोप लगाया कि शारीरिक हमले से पहले पायलट ने उन्हें मौखिक रूप से गाली दी. एअर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसे उस घटना की जानकारी है जिसमें एक कर्मचारी शामिल था जो उस समय किसी अन्य एयरलाइन में यात्री के रूप में यात्रा कर रहा था. एयरलाइन ने आंतरिक जांच लंबित रहने तक पायलट को तत्काल प्रभाव से आधिकारिक कर्तव्यों से हटा दिया है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वे शिकायत और उपलब्ध सबूतों के आधार पर मामले की जांच करेंगे, जिसमें र्टिमनल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज भी शामिल है.



