हम बड़े पैमाने पर संगठनात्मक फेरबदल करने जा रहे हैं: वेणुगोपाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 08 Apr 2025 06:57 PM
हम बड़े पैमाने पर संगठनात्मक फेरबदल करने जा रहे हैं: वेणुगोपाल
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने मंगलवार को कहा कि पार्टी जल्द ही बड़े पैमाने पर संगठनात्मक फेरबदल करने जा रही है. पार्टी की विस्तारित कार्य समिति की बैठक के बाद वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि इस बैठक में संगठन को लेकर चर्चा की गई.

उनका कहना था, ”हमने इस वर्ष को कांग्रेस संगठन के पूर्ण पुनर्गठन के लिए सर्मिपत किया है. हम बड़े पैमाने पर संगठनात्मक फेरबदल करने जा रहे हैं और इसके लिए हम दिशानिर्देश तय करेंगे.” उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटियों (डीसीसी) को सशक्त बनाने से जुड़े सवाल पर कहा कि इस बारे में पार्टी के भीतर चर्चा हुई है और निकट भविष्य में इससे जुड़े कदमों पर चर्चा की जाएगी.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने संवाददाताओं से कहा, ”आज की विस्तारित कार्य समिति बैठक में 158 सदस्य मौजूद थे. आज सरदार वल्लभभाई पटेल जी को लेकर एक विशेष प्रस्ताव पर चर्चा हुई और वो पारित हुआ. कल दो और प्रस्तावों पर चर्चा होगी, जिनमें एक राष्ट्रीय मुद्दों पर और दूसरा गुजरात के मुद्दों व राजनीतिक स्थिति से जुड़ा होगा.”

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस पार्टी के 140 साल के इतिहास में छठवीं बार कांग्रेस की बैठक गुजरात में हो रही है. जब हम सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती मना रहे हैं तो सरदार पटेल जी के स्मारक में विस्तारित कार्य समिति की बैठक को आयोजित करना हमारा कर्तव्य था.” रमेश का कहना था, ”भारत के संविधान की प्रस्तावना में सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और राजनीतिक न्याय की बात कही गई है, जिसे लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अन्य सदस्यों ने भी चर्चा की.” उन्होंने कहा, ”सामाजिक न्याय, आर्थिक न्याय और राजनीतिक न्याय को लेकर कांग्रेस पार्टी का क्या एजेंडा है, इस बारे में आपको कल के प्रस्ताव में जानकारी मिलेगी.”

उन्होंने पटेल से संबंधित विशेष प्रस्ताव का हवाला देते हुए कहा, ”हमारे प्रस्ताव से बिल्कुल साफ हो जाएगा कि सरदार पटेल जी और नेहरू जी में कैसी अनोखी जुगलबंदी थी. ये दोनों लोग आधुनिक भारत के निर्माता थे और उन्होंने गांधी जी के नेतृत्व में देश की आजादी की लड़ाई लड़ी.” रमेश ने इस बात पर जोर दिया कि जो लोग सरदार पटेल और नेहरू के रिश्तों के बारे में झूठ फैलाते हैं, उन्हें यह पता होना चाहिए कि इन दोनों नेताओं का देश के निर्माण में बहुत बड़ा योगदान रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu