हमें खुशी है कि हमारी फिल्म आखिरकार बड़े पर्दे पर आएगी: कंगना रनौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 10:06 PM
हमें खुशी है कि हमारी फिल्म आखिरकार बड़े पर्दे पर आएगी: कंगना रनौत
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता कंगना रनौत ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘इमरजेंसी’ का ट्रेलर सोमवार को जारी किया और कहा कि वह 17 जनवरी को इसकी रिलीज को लेकर काफी उत्साहित हैं. इस फिल्म में कंगना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभा रही हैं. यह फिल्म छह सितंबर 2024 को बडे. पर्दे पर रिलीज होने वाली थी, लेकिन केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से मंजूरी प्रमाणपत्र ना मिलने के कारण इसकी रिलीज टल गई.

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) सहित कई सिख संगठनों ने इस फिल्म में समुदाय की गलत छवि पेश करने तथा गलत तथ्य दिखाने का आरोप भी लगाया था. फिल्म की निर्देशक एवं निर्माता रनौत ने कहा कि वह 17 जनवरी को फिल्म की रिलीज को लेकर काफी उत्साहित हैं.

अभिनेत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद ने बयान में कहा, ” मुझे खुशी है कि हमारी फिल्म ‘इमरजेंसी’ आखिरकार 17 जनवरी को बड़े पर्दे पर आएगी. यह केवल एक विवादास्पद नेता की कहानी नहीं है. यह उन विषयों पर आधारित है जो आज भी बेहद प्रासंगिक हैं…” उन्होंने कहा, ” गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) से एक सप्ताह पहले रिलीज हो रही यह फिल्म हमारे संविधान की मजबूती पर विचार करने और अपने प्रियजन के साथ फिल्म देखने का बेहतरीन अवसर है.” कंगना ने फिल्म का ‘ट्रेलर’ सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया.

उन्होंने लिखा, ” 1975 का आपातकाल भारतीय इतिहास का एक महत्वपूर्ण अध्याय. इंदिरा: भारत की सबसे शक्तिशाली महिला. उनकी महत्वाकांक्षा ने देश को बदला, लेकिन उनके आपातकाल के फैसले ने (देश में) अराजकता ला दी.” फिल्म ‘इमरजेंसी’ की कहानी इंदिरा गांधी के 1975 से 1977 तक 21 महीनों के लिए लगाए गए आपातकाल और उसके बाद की घटनाओं पर आधारित है.
इसमें अनुपम खेर, श्रेयस तलपड़े, मिलिंद सोमन, महिमा चौधरी और दिवंगत सतीश कौशिक जैसे कलाकार भी नजर आएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu