पश्चिम बंगाल: चक्काजाम से सियालदह-नैहाटी रेल लाइन पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 17 Jul 2023 03:23 PM
पश्चिम बंगाल: चक्काजाम से सियालदह-नैहाटी रेल लाइन पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित
ऑडियो सुनें

कोलकाता: बैरकपुर स्टेशन पर सोमवार सुबह चक्काजाम के कारण पूर्वी रेलवे के सियालदह -नैहाटी मुख्य लाइन पर रेल सेवा प्रभावित हुई और काम पर जाने वाले यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में रेलवे स्टेशन के पूर्वी छोर पर फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शनों के कारण 12 ईएमयू लोकल ट्रेन का परिचालन रद्द किया गया, वहीं 20 उपनगरीय ट्रेन निर्धारित समय से देरी से चलीं।

चक्काजाम सुबह नौ बज कर सात मिनट पर शुरू हुआ और सुबह दस बजकर 44 मिनट पर इसे समाप्त कर दिया गया, जिसके पश्चात रेल सेवा सुचारू हो सकी। पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता कौशिक मित्रा ने बताया कि स्टेशन में फुट ओवर ब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड के पास मंजूरी के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा,‘‘ बोर्ड से जरूरी मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा।’’ सियालदह मंडल के रेलवे प्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मामले पर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की जिसके बाद चक्काजाम समाप्त हुआ।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav