बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने पर टाटा को वापस सिंगूर लाएंगे : लॉकेट चटर्जी

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की हुगली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद लॉकेट चटर्जी ने कहा है कि राज्य की सत्ता में आने पर उनकी पार्टी सिंगूर में टाटा को वापस लाएगी. लॉकेट ने कहा, ”हम 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के प्रति आश्वस्त हैं. हम 2019 की 18 सीट से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत हासिल करने का अनुमान लगा रहे हैं.”

उन्होंने कहा, ”हमारे व्यापक रूप से चुनाव जीतने पर, राज्य में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार गिर जाएगी. भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद हमारा पहला काम टाटा को सिंगूर में आमंत्रित करना होगा, जो हुगली निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आता है.” अभिनेत्री से राजनीतिक नेता बनी चटर्जी तृणमूल कांग्रेस के सदस्य के तौर पर राजनीति में आई थीं और 2015 में भाजपा में शामिल हो गईं.

उन्होंने कहा, ”जब भी मैं सिंगूर जाती हूं, लोग मुझसे नौकरी दिलाने में मदद करने का आग्रह करते हैं. ममता बनर्जी ने सिंगूर को रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का कब्रिस्तान बना दिया.” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सिंगूर आंदोलन के नाम पर किसानों और उद्योगों, दोनों के साथ विश्वासघात किया.

सिंगूर, कभी बहुफसली खेती के लिए जाना जाता था. यह उस समय चर्चा में रहा था, जब टाटा मोटर्स ने 2006 में अपनी सबसे सस्ती कार ‘नैनो’ की विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिए इस क्षेत्र को चुना था. तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-2 से लगी 997.11 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया और कंपनी को सौंप दिया. तत्कालीन विपक्षी नेता और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने अग्रिम मोर्चे पर नेतृत्व करते हुए, संभवत: जबरन अधिग्रहित की गई 347 एकड़ भूमि वापस करने की मांग की थी. तृणमूल कांगेस और तत्कालीन वाम मोर्चा सरकार के बीच हुई कई बैठकों के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका और आखिरकार टाटा ने सिंगूर से निकलकर गुजरात में ‘नैनो’ संयंत्र स्थापित किया.

तृणमूल कांग्रेस द्वारा ‘लक्ष्मी भंडार’ परियोजना को महिला सशक्तीकरण के प्रति ममता बनर्जी की प्रतिबद्धता के रूप में प्रर्दिशत करने के बारे में पूछे जाने पर चटर्जी ने कहा, ”संदेशखालि की चीख पूरे पश्चिम बंगाल में महसूस की गई.” परियोजना की आलोचना करते हुए चटर्जी ने कहा, ”एक तरफ, आप (ममता) घरों की लक्ष्मी (महिलाओं) को 500-1000 रुपये देने का वादा कर रही हैं, वहीं दूसरी तरफ आपके गुंडे रात में लक्ष्मी को उठा ले जा रहे हैं….” तृणमूल कांग्रेस की उनकी प्रतिद्वंद्वी रचना बनर्जी के बारे में पूछे जाने पर, चटर्जी ने कहा, ”मेरे पास उनके खिलाफ कुछ भी व्यक्तिगत नहीं है. हां, हम अतीत में सहकर्मी थे.”

Related Articles

Back to top button