यूक्रेन की सहायता करेंगे बशर्ते कि उसके दुर्लभ खनिज तत्व अमेरिका को मिलें: ट्रंप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Feb 2025 08:32 PM
यूक्रेन की सहायता करेंगे बशर्ते कि उसके दुर्लभ खनिज तत्व अमेरिका को मिलें: ट्रंप
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को संकेत दिया कि वह रूस के खिलाफ युद्ध में अमेरिकी समर्थन इस शर्त पर जारी रखने पर सहमत हैं कि यूक्रेन अपनी धरती पर मिलने वाले दुर्लभ खनिज तत्वों तक अमेरिकी पहुंच को लेकर समझौता करे.
ट्रंप ने ‘ओवल ऑफिस’ (अमेरिकी राष्ट्रपति का कार्यालय) में पत्रकारों से कहा कि अमेरिका ने यूक्रेन को अपने यूरोपीय सहयोगियों की तुलना में कहीं अधिक सैन्य और आर्थिक सहायता भेजी है.

उन्होंने कहा, ”हम यूक्रेन के साथ एक ऐसा समझौता करना चाहते हैं, जिसके तहत हम उन्हें जो कुछ भी दे रहे हैं, उसके बदले में वे हमें अपने दुर्लभ खनिज तत्व दें.” ट्रंप ने सुझाव दिया कि उन्हें यूक्रेन की सरकार से यह संदेश मिला है कि वह आधुनिक उच्च प्रौद्योगिकी वाली अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण तत्वों तक अमेरिका को पहुंच प्रदान करने संबंधी एक समझौता करने के लिए तैयार हैं.

ट्रंप ने कहा, ”मैं धरती पर मिलने वाले इन दुर्लभ खनिज तत्वों का संरक्षण चाहता हूं. हम सैकड़ों अरब डॉलर खर्च कर रहे हैं. उनके पास बहुत बढि.या दुर्लभ खनिज तत्व हैं और मैं इन दुर्लभ खनिज तत्वों का संरक्षण चाहता हूं. वे ऐसा करने के लिए तैयार हैं.” ट्रंप ने पहले कहा था कि वह युद्ध को तेजी से समाप्त करेंगे औ इसके लिए बातचीत जारी है.

ट्रंप ने कहा, ”हमने रूस और यूक्रेन के मामले में बहुत प्रगति की है. देखते हैं कि क्या होता है. हम उस बेतुके युद्ध को रोकने जा रहे हैं.” यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ (एपी) को कहा कि उनके देश की मौजूदगी के बिना अमेरिका और रूस के बीच कोई भी बातचीत अस्वीकार्य है. उन्होंने कहा कि उनकी टीम ट्रंप प्रशासन के संपर्क में है, लेकिन ये चर्चाएं अभी ”सामान्य स्तर” पर हैं और उनका मानना है कि अधिक विस्तृत समझौते के लिए आमने-सामने की बैठकें जल्द होंगी. जेलेंस्की ने कहा, ”हमें इस पर और काम करने की जरूरत है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu