क्या मोदी बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली से जुड़ी भारत की चिंताओं से वेंस को अवगत कराएंगे: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Apr 2025 08:27 PM
क्या मोदी बहुपक्षीय व्यापार प्रणाली से जुड़ी भारत की चिंताओं से वेंस को अवगत कराएंगे: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे डी वेंस के बीच वार्ता से पहले कांग्रेस ने रविवार को सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री उन्हें भारतीय नागरिकों को निर्वासित करने के तरीके और विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में निहित बहुपक्षीय नियम-आधारित व्यापार प्रणाली के “पूरी तरह से खात्मे” को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत कराएंगे.

विपक्षी दल ने यह भी पूछा कि क्या प्रधानमंत्री पेरिस जलवायु समझौता और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) से अमेरिका के हटने को लेकर भारत की चिंताओं से उन्हें अवगत कराएंगे. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री मोदी अमेरिका के उपराष्ट्रपति वेंस को भारतीय नागरिकों को निर्वासित करने के तरीके और भारतीय छात्रों को अमेरिका में भय के माहौल में रहने के लिए मजबूर करने को लेकर भारत की चिंताओं से अवगत कराएंगे.

उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री डब्ल्यूटीओ के तहत स्थापित बहुपक्षीय नियम आधारित व्यापार प्रणाली के पूरी तरह से खात्मे पर भारत की चिंता प्रकट करेंगे, जिससे भारत को अब तक बहुत लाभ हुआ है. रमेश ने पूछा कि क्या मोदी, वेंस को 2015 के पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका के बाहर निकलने को लेकर भारत की चिंता से अवगत कराएंगे, “जो (पेरिस समझौता) हमारे करोड़ों लोगों की आजीविका को खतरे में डालने वाली ग्लोबल वार्मिंग को नियंत्रित करने के लिए बहुत आवश्यक है.” रमेश ने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य अनुसंधान एवं प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डब्ल्यूएचओ से अमेरिका के बाहर निकलने को लेकर भारत की चिंता से अवगत कराएंगे.

उन्होंने यह भी पूछा कि क्या मोदी यह सुनिश्चित करने के लिए भारत के दृढ़ संकल्प से अवगत कराएंगे कि भविष्य में कोई भी द्विपक्षीय व्यापार उदारीकरण भारतीय किसानों, उद्योग और एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं डालेगा. अमेरिकी उपराष्ट्रपति, भारतीय मूल की उनकी पत्नी उषा वेंस और तीन बच्चे इवान, विवेक और मीराबेल चार दिवसीय यात्रा पर सोमवार को पूर्वाह्न 10 बजे पालम एयरबेस पहुंचेंगे.

मोदी व्यापार, शुल्क (टैरिफ), क्षेत्रीय सुरक्षा और समग्र द्विपक्षीय संबंधों का विस्तार करने के तरीकों समेत कई प्रमुख मुद्दों पर अमेरिकी उपराष्ट्रपति के साथ बातचीत करेंगे और शाम को रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत समेत लगभग 60 देशों पर जवाबी शुल्क लगाया था, जिसपर बाद में उन्होंने रोक लगा दी. इस घटनाक्रम के बीच वेंस भारत की यात्रा पर आ रहे हैं. पालम एयरबेस पर पहुंचने पर एक वरिष्ठ केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, वेंस की अगवानी करेंगे. दिल्ली के अलावा वेंस और उनका परिवार जयपुर और आगरा भी जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu