शीतकालीन ओलंपिक: फ्रांस को 2030 और अमेरिका को 2034 की मेजबानी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 24 Jul 2024 08:51 PM
शीतकालीन ओलंपिक: फ्रांस को 2030 और अमेरिका को 2034 की मेजबानी
ऑडियो सुनें

पेरिस. अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने बुधवार को 2030 में होने वाले शीतकालीन ओलंपिक खेलों की मेजबानी फ्रांस के फ्रेंच आल्प्स और 2034 की मेजबानी अमेरिका के साल्ट लेक सिटी को सौंपने का फैसला किया. फ्रांस को मेजबानी कुछ शर्तों के आधार पर सौंपी गई है. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आईओसी को आश्वासन दिया कि ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेल 2024 के संपन्न होने के बाद जो भी सरकार गठित होगी वह आयोजन से संबंधित सभी शर्तों को पूरा करेगी. इन पर अभी तक हस्ताक्षर नहीं किए गए हैं.

फ्रांस में नई सरकार के गठन के बाद जो भी व्यक्ति प्रधानमंत्री बनेगा उन्हें इन शर्तों पर हस्ताक्षर करने होंगे. आईओसी ने इसके लिए एक अक्टूबर की समय सीमा तय की है. आईओसी के सदस्यों ने उनके आश्वासन को स्वीकार करके फ्रांस को मेजबानी सौंपने के पक्ष में मतदान किया. फ्रांस की मेजबानी के पक्ष में 84 सदस्यों ने जबकि चार सदस्यों ने विरोध में मतदान किया. सात सदस्यों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया.

मैक्रों ने कहा,”हम पर भरोसा दिखाने के लिए हम आपका आभार व्यक्त करते हैं. हम अपनी प्रतिबद्धताओं का पूरा सम्मान करेंगे.” फ्रांस इन खेलों की मेजबानी के लिए बोली लगाने वाला एकमात्र देश था. फ्रांस इससे पहले तीन बार 1924, 1968 और 1992 में शीतकालीन ओलंपिक खेलों की मेजबानी कर चुका है.

आईओसी सदस्यों ने इसके बाद 2034 में होने वाले शीतकालीन खेलों की मेजबानी के लिए साल्ट लेक सिटी की बोली पर भी मोहर लगाई. साल्ट लेक सिटी 32 साल के अंतराल के बाद इन खेलों का आयोजन करेगा. इससे पहले उसने 2002 में पहली बार शीतकालीन ओलंपिक खेलों की मेजबानी की थी.

आईओसी ने पिछले साल साल्ट लेक सिटी को अपना दावा मजबूत करने के लिए विशेष बातचीत के अधिकार दिए थे. इसके बाद उटा राज्य की राजधानी साल्ट लेक सिटी मेजबानी की दौड़ में अकेला शहर रह गया था. साल्ट लेक सिटी की तरफ से जिन लोगों ने बोली लगाई उनमें उटा के गवर्नर स्पेंसर कॉक्स, साल्ट लेक सिटी के मेयर एरिन मेंडेनहॉल और अल्पाइन स्की की महान खिलाड़ी लिंडसे वॉन शामिल थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu