विपक्ष से हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं कि मणिपुर पर संसद की चर्चा में हों शामिल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Jul 2023 08:12 PM
विपक्ष से हाथ जोड़कर प्रार्थना करता हूं कि मणिपुर पर संसद की चर्चा में हों शामिल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. मणिपुर में जातीय हिंसा के कारण संसद के मॉनसून सत्र में जारी गतिरोध के बीच केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को ‘हाथ जोड़कर’ विपक्ष से अनुरोध किया कि वे इसपर चर्चा में भाग लें. ठाकुर ने विपक्ष से अनुरोध किया कि वह पूर्वोत्तर राज्य में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार का राजनीतिकरण ना करें. विपक्षी दलों ने मणिपुर की स्थिति को लेकर सोमवार को संसद में संयुक्त रूप से प्रदर्शन करने की योजना बनायी है. विपक्ष की मांग है कि संसद में मणिपुर मुद्दे पर चर्चा से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बयान दें.

जबकि सरकार लगातार जोर दे रही है कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी नहीं बल्कि केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह बोलेंगे. केन्द्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा, ”महिलाओं के प्रति अत्याचार पीड़ादायी है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है कि पीड़िता किस राज्य की रहने वाली है. ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाना राज्य की जिम्मेदारी है.” उन्होंने कहा कि राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल और मणिपुर जैसे राज्यों में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचार के मामलों पर सरकार चर्चा कराना चाहती है.

भारतीय जनता पार्टी (भाजाा) के नेता ने कहा, ”हमारी इच्छा है कि सदन में इसपर अच्छी चर्चा होनी चाहिए जिसमें सभी राजनीतिक दल हिस्सा लें. किसी को चर्चा से भागना नहीं चाहिए. मैं हाथ जोड़कर विपक्ष से अनुरोध करता हूं कि वे चर्चा से ना भागें.” उन्होंने कहा कि विपक्ष को ऐसे मुद्दों का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए और संसद की चर्चा में भाग लेना चाहिए.

मणिपुर मुद्दे पर प्रदर्शन के संबंध में सवाल करने पर ठाकुर ने कहा, ”विपक्ष सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिहाज से यह सबकुछ कर रहा है, लेकिन चर्चा में भाग लेने के लिए कुछ नहीं कह रहा है.” संसद का मॉनसून सत्र 20 जुलाई से शुरू हुआ है, लेकिन मणिपुर में जातीय हिंसा को लेकर सदन में लगातार हंगामा हो रहा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu