बेंगलुरु. बेंगलुरु में ‘होप फार्म’ के निकट रविवार तड़के फुटपाथ पर पड़े बिजली के तार पर गलती से पैर पड़ जाने से 23 वर्षीय महिला और उसकी नौ महीने की बेटी की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. सूत्रों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब छह बजे हुई, जब तमिलनाडु से आईं सौंदर्या नामक महिला अपनी बेटी सुविक्षा के साथ पैदल घर जा रही थीं.
उन्होंने बताया कि उनका सामान घटनास्थल पर बिखरा पड़ा था. दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि महिला के पति संतोष कुमार ने अपनी पत्नी और बेटी को बचाने की कोशिश की, लेकिन वह असहाय थे. कडुगोडी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को अस्पताल भिजवाया. बेंगलुरु इले्ट्रिरसिटी सप्लाई कंपनी (बेसकॉम) के अधिकारियों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है और उनमें से तीन से पूछताछ की जा रही है. कर्नाटक के ऊर्जा मंत्री के. जे. जॉर्ज ने बताया कि घटना की जांच जारी है.
उन्होंने कहा कि लाइन मैन, सहायक अभियंता (एई) और सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) को कर्तव्य में लापरवाही के लिए निलंबित कर दिया गया है. जॉर्ज ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना में, बेंगलुरु में होप फार्म के पास करंट लगने से एक महिला और बच्ची की मौत हो गई. हमने घटना की जांच शुरू कर दी है और रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. लाइन मैन, एई और एईई को लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया गया है. इस दुर्घटना के लिए जिम्मेदार किसी भी अन्य व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाएं दोबारा न हों.”
उन्होंने कहा, “मृतकों के परिजन के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं. राज्य सरकार मृतकों के परिवार के प्रत्येक सदस्य को पांच लाख रुपये देगी.ह्व बेंगलुरु सेंट्रल से सांसद पी. सी. मोहन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ह्लहोप फार्म जंक्शन पर करंट लगने से महिला की मौत से संबंधित घटना दिल दहला देने वाली है. ‘बेसकॉम’ को इस तरह की घटना टालने के लिए एहतियाती कदम उठाने चाहिए. ऐसी घटनाओं को रोकने और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए ‘बेसकॉम’ की जिम्मेदारी बनती है.ह्व